RSS मुख्यालय के पास फोटोग्राफी और ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध, आतंकी हमले की आशंका के चलते फैसला
नई दिल्ली, 7 जनवरी: पिछले साल के अंत से ही महाराष्ट्र में लगातार आतंकी हमले के इनपुट मिल रहे हैं। जिसको देखते हुए जरूरी स्थानों की सुरक्षा बढ़ाई जा रही। इसी के तहत शुक्रवार को महाराष्ट्र पुलिस ने एक बड़ा फैसला लिया, जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के मुख्यालय के आसपास फोटोग्राफी और ड्रोन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया गया। इसके पीछे की वजह आरएसएस मुख्यालय की सुरक्षा को बताया जा रहा है।

नागपुर पुलिस कमिश्नर अमितेश कुमार के मुताबिक आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े आतंकवादियों ने दो-तीन महीने पहले नागपुर में रेकी की थी। इस मामले को गंभीरता से लेकर सभी प्रमुख स्थानों की सुरक्षा की समीक्षा की गई। इसी में आरएसएस मुख्यालय के आसपास फोटोग्राफी और ड्रोन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया गया। कमिश्नर के मुताबिक नागपुर शहर में अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई है।
आपको बता दें कि RSS का मुख्यालय डॉ. हेडगेवार भवन नागपुर के महल क्षेत्र में संघ बिल्डिंग रोड पर स्थित है। अब नो फ्लाई जोन होने से वहां के दो किलोमीटर के इलाके में अगर कोई ड्रोन पाया गया तो उसे नष्ट कर दिया जाएगा या फिर पुलिस उसे कब्जे में ले लेगी। इसके अलावा पकड़े गए शख्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
जम्मू हमले से लिया गया सबक
आपको बता दें कि पिछले साल जम्मू में भारतीय वायुसेना के एयरबेस पर ड्रोन हमला हुआ था। इसके बाद ही सभी राज्यों को अलर्ट भेजा गया। इस घटना के कुछ दिनों बाद ही एक पुलिस अधिकारी ने बताया था कि नागपुर में डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के साथ आरएसएस मुख्यालय को सुरक्षा कारणों से 'नो-ड्रोन' क्षेत्र घोषित किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications