ओवैसी की AIMIM का MVA को समर्थन, राज्यसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ इन्हें देगी वोट
कोल्हापुर। भारत में चार राज्यों की 16 राज्यसभा सीटों के लिए आज वोटिंग होगी। इनमें राजस्थान की 4, हरियाणा की 2, महाराष्ट्र की 6 और कर्नाटक की 4 सीटें शामिल हैं। महाराष्ट्र में एआईएमआईएम ने उद्धव ठाकरे से जुड़ी पार्टी महा विकास अघाड़ी (MVA) को समर्थन का ऐलान किया है। यानी, एआईएमआईएम बीजेपी के खिलाफ महाराष्ट्र की सत्तारूढ दल का पक्ष ले रही है।

एआईएमआईएम महाराष्ट्र अध्यक्ष इम्तियाज जलील ने आज इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि, "बीजेपी को हराने के लिए हमारी पार्टी AIMIM ने महाराष्ट्र में राज्यसभा चुनाव में महा विकास अघाड़ी (MVA) को वोट देने का फैसला किया है। इम्तियाज ने कहा कि, हमारे 2 एआईएमआईएम महाराष्ट्र विधायकों को कांग्रेस उम्मीदवार इमरान प्रतापगढ़ी को वोट देने के लिए कहा गया है।" बता दें कि, कल ही उद्धव ठाकरे से कुछ नेताओं की मुलाकात हुई थी, और उसके बाद ओवैसी की पार्टी AIMIM ने समर्थन का ऐलान कर दिया।

महाराष्ट्र में यूं तो 6 सीटों पर चुनाव होने हैं, लेकिन कांटे की टक्कर केवल एक सीट पर देखने को मिलेगी। जहां राज्यसभा सीट के चुनाव में एक-एक उम्मीदवार को जीतने के लिए कुल 42 वोटों की जरूरत पड़ेगी। बता दें कि, राज्य में भाजपा के पास 106 विधायक हैं, जिसके बल पर पार्टी आसानी से दो सांसद जिता लेगी। वहीं शिवसेना, NCP और कांग्रेस के एक-एक सांसद जीत जाएंगे।

महाराष्ट्र में सत्ताधारी गठबंधन के अतिरिक्त वोट शिवसेना के प्रत्याशी को मिलने तय हैं। शिवसेना ने कोल्हापुर जिलाध्यक्ष संजय पवार को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, BJP ने कोल्हापुर के धनंजय महादिक को तीसरा उम्मीदवार बनाया है। महाविकास आघाडी सरकार (MVA) की ओर से कहा जा रहा है कि उनके पास 41 वोट हैं और केवल एक वोट मैनेज करना होगा, जो बड़ी बात नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications