सुपरमार्केट में शराब की बिक्री के उद्धव सरकार के फैसले पर क्या बोले अन्ना हजारे?
मुंबई, जनवरी 31। सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने महाराष्ट्र सरकार के उस फैसले के खिलाफ विरोध जताया है, जिसमें सरकार ने सुपरमार्केट के अंदर शराब की बिक्री की अनुमति प्रदान की है। अन्ना हजारे ने सरकार के इस फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा है कि राज्य सरकार का ये फैसला लोगों को नशे की लत लगाने का काम करेगा। अन्ना हजारे ने कहा कि राज्य को नशामुक्ति की दिशा में काम करना चाहिए, लेकिन मुझे ये देखकर काफी दुख हो रहा है कि सरकार ने वित्तीय लाभ के लिए शराब की बिक्री को अनुमति दी है। सरकार के इस फैसले से लोगों को शराब की लत लगेगी।

क्या कहा अन्ना हजारे ने?
आपको बता दें कि महाराष्ट्र के कौशल विकास मंत्री नवाब मलिक ने पिछले गुरुवार को कहा था कि राज्य मंत्रिमंडल ने वाइन की बिक्री को बढ़ावा देने का फैसला किया है, जिससे किसानों को अतिरिक्त आय मिलेगी। राज्य सरकार के इस फैसले को लेकर अन्ना हजारे ने कहा कि लोगों को ड्रग्स, शराब और नशे से हतोत्साहित करना सरकार का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि यह देखना दुखद है कि शराब और नशे को बढ़ावा देने के लिए सिर्फ वित्तीय लाभ के लिए फैसले लिए जा रहे हैं।
'जो विरोध करते थे वो आज इस फैसले का समर्थन कर रहे हैं'
अन्ना हजारे ने कहा कि अब आगे ये देखना होगा कि सरकार का ये फैसला राज्य को कहां ले जाएगा? अन्ना हजारे बोले कि जो लोग अभी तक सरकार के इस फैसले का विरोध करते थे, वो लोग आज सरकार का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक साल में 1000 अरब लीटर शराब बेचने का लक्ष्य रखने वाली सरकार वास्तव में क्या हासिल करेगी? यह असली सवाल है।












Click it and Unblock the Notifications