'अपने पोते-पोतियों के साथ कश्मीर घूमें, अब कोई खतरा नहीं है', अमित शाह का सुशील शिंदे पर तीखा हमला, VIDEO
Maharashtra Assembly Election: महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के बीच महायुति और महाविकास आघाड़ी के गठबंधन में जोरदार राजनीतिक भिड़ंत जारी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 20 नवंबर को होने वाले चुनाव प्रचार के तहत यवतमाल और हिंगोली पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पूर्व गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी।
अमित शाह ने यवतमाल में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि शिंदे ने जब गृह मंत्री के रूप में कश्मीर के लाल चौक जाने के दौरान डर महसूस करने की बात की थी, तो वह पूरी तरह गलत थे।

कश्मीर को लेकर अमित शाह का बड़ा बयान
उन्होंने कहा, "सुशील शिंदे जी, आप कहते थे कि कश्मीर के लाल चौक पर जाने में डर लगता था। लेकिन अब मैं यह कहना चाहता हूं कि कश्मीर अब पूरी तरह से सुरक्षित है। आप अपने पोते-पोतियों के साथ कश्मीर जाएं और शिकारे में घूमें, अब वहां कोई खतरा नहीं है।" अमित शाह ने कश्मीर को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा, "कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और दुनिया की कोई भी ताकत इसे हमसे छीन नहीं सकती। अब कश्मीर में किसी को भी डरने की जरूरत नहीं है।"
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
हिंगोली में अपने दूसरे भाषण में अमित शाह ने कांग्रेस और उद्धव गुट की शिवसेना पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा, "सोनिया गांधी ने अपने बेटे को 20 बार लांच करने की कोशिश की, लेकिन महाराष्ट्र चुनाव में उनका 'राहुल प्लेन' 21वीं बार दुर्घटनाग्रस्त होगा। राहुल गांधी को यह याद रखना चाहिए कि चाहे उनकी चौथी पीढ़ी भी आ जाए, लेकिन अनुच्छेद 370 को कभी बहाल नहीं किया जा सकेगा।"
शिवाजी महाराज और वीर सावरकर की धारा
अमित शाह ने महाराष्ट्र चुनावों को लेकर कहा, "यह चुनाव तय करेगा कि महाराष्ट्र शिवाजी महाराज और वीर सावरकर के मार्ग पर चलेगा या फिर औरंगजेब के। भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने शिवाजी महाराज और वीर सावरकर का मार्ग चुना है, जबकि महाविकास आघाड़ी ने औरंगजेब के फैन क्लब को चुन लिया है।"
इसके अलावा, अमित शाह ने अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण में कांग्रेस की भूमिका को भी निशाने पर लिया और कहा, "कांग्रेस ने 70 साल तक राम मंदिर के निर्माण में अड़चनें डालीं, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कराया।"












Click it and Unblock the Notifications