महाराष्ट्र: अस्पताल में 7 कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत से गुस्साए परिजन, ऑक्सीजन की कमी का लगाया आरोप
मुंबई। महाराष्ट्र में बढ़ते कोरोना के बीच स्वास्थ्य व्यवस्था भी चरमरा गई है। अस्पतालों में ऑक्सीजन बेड की किल्लत नजर आ रही है। नतीजा ये है कि कोरोना संक्रमित मरीज दम तोड़ रहे हैं। इसका एक उदाहरण पालघर से सामने आया है, जहां कथित रूप से एक अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी के कारण 7 कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हो गई। ये मामला नालासोपारा के विनायक अस्पताल का है।
Recommended Video

मामले पर अस्पताल की सफाई
जानकारी के मुताबिक, मृतकों के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर आरोप लगाया है कि ऑक्सीजन सप्लाई में कमी के कारण ये मौतें हुई हैं। वहीं अस्पताल प्रशासन ने सफाई दी है कि जब इन मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था तो उसी वक्त इनकी हालत बहुत ज्यादा सीरियस थी। अस्पताल के अधिकारियों ने कहा कि जिन मरीजों की मौत हुई है, उनकी उम्र काफी ज्यादा थी। साथ ही उनका इम्यूनिटी सिस्टम भी काफी वीक था।
मौत की खबर के बाद अस्पताल में लग गई भीड़
वहीं दूसरी तरफ मृतकों के परिजनों ने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन भी किया। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर सच्चाई को छुपाने का आरोप लगाया। परिवार ने कहा कि अगर हमें ये बात पहले ही बता दी जाती कि अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी है तो हम अपने मरीजों को दूसरी जगह लेकर चले जाते। आपको बता दें कि अस्पताल परिसर में लोगों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस को भी बुलाना पड़ा। पुलिस ने पहुंचकर लोगों को शांत कराया।
इस पूरी घटना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी राजेंद्र कांबले ने बताया कि अस्पताल में ऑक्सीजन की सप्लाई 3 बजे तक उपलब्ध थी, रही बात मृतकों के परिजनों के आरोप की तो उनका अस्पताल प्रशासन के साथ बिल को लेकर कोई विवाद हुआ था, जिसके बाद उन्होंने ये आरोप लगाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications