मुंबई कांग्रेस में कलह! वर्षा गायकवाड़ को अध्यक्ष पद से हटाने की मांग, 16 नेताओं ने खड़गे को बताई ये वजह?
Mumbai Congress News: लोकसभा चुनाव के बाद जहां महाराष्ट्र में विधानसभा चुनावों पर रणनीति बनाना शुरू हो चुकी है तो दूसरी तरफ मुंबई कांग्रेस में कलह की खबर सामने आई है। मुंबई कांग्रेस प्रमुख वर्षा गायकवाड़ को हटाने की मांग ने जोर पकड़ लिया है। इसके लिए पार्टी नेताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को लिखा पत्र है।
मंगलवार (25 जून) को महाराष्ट्र के नेताओं से कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे और राहुल गांधी मिलेंगे, जहां आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा होगी। लेकिन इससे पहले प्रदेश के 16 वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने पत्र लिखकर मुंबई पार्टी प्रमुख वर्षा गायकवाड़ को बदलने की मांग की है।

लोकसभा चुनावों में महाराष्ट्र में कांग्रेस के सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने के कुछ हफ्ते बाद पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने वर्षा गायकवाड़ को मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाने की मांग की है। बताया जा रहा है कि वो उनकी कार्यशैली से नाखुश हैं।
पार्टी के16 वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखकर संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल में सुधार लाने और इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले शहर इकाई की स्थानीय समितियों को पुनर्जीवित करने पर चर्चा के लिए बैठक बुलाने का अनुरोध किया है।
पार्टी नेताओं की ओर से लिखे गए पत्र में कहा गया है कि इस साल अक्टूबर में होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने के लिए वर्षा गायकवाड़ को बदला जाए।
पत्र में कहा गया है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा ने पार्टी के लिए इस अहम महानगर मुंबई में अपनी पकड़ फिर से बनाने के लिए अनुकूल माहौल बनाया है। हालांकि इस गति को भुनाने के लिए मुंबई में हमारे संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित करना जरूरी है। संगठनात्मक क्षमताओं को मजबूत करने से ना केवल हमारी चुनावी संभावनाओं को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि मुंबई में एक स्थायी और प्रभावशाली उपस्थिति बनाने में भी मदद मिलेगी।
बता दें कि गायकवाड ने मुंबई उत्तर मध्य लोकसभा सीट से जीत हासिल की है, ऐसे में दावा किया जा रहा है कि उनके पास संगठनात्मक स्तर पर काम करने का समय नहीं होगा। दूसरी तरफ उनकी कार्यशैली पर भी आपत्ति जताई है। क्योंकि मुंबई कांग्रेस का अध्यक्ष बने उनको 13 महीने हो चुके हैं, लेकिन उन्होंने पार्टी कैडर को प्रेरित करने के लिए कोई खास गतिविधि नहीं की।












Click it and Unblock the Notifications