महराजगंज: बहन की हत्या कर मां के पास पहुंचा इकलौता बेटा, बोला- लाश को ठिकाने लगाने चलो
महराजगंज। उत्तर प्रदेश के महराजगंज में एक नशेड़ी भाई ने घर में खूनी खेल खेला और नाबालिग बहन को गमछे से गला दबाकर मार डाला। आरोपी की मां ने उसके खिलाफ थाने में तहरीर दी है जिसमें उन्होंने कहा कि उनके इकलौते बेटे ने बेटी माधुरी की हत्या कर दी है। हत्यारोपी भाई बहन के शव को ठिकाने लगाने की फिराक में था। लोगों ने पकड़कर उसको मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने लड़की के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है।

यह घटना महराजगंज के बृजमनगंज थाना क्षेत्र के कानापार गांव की है। यहां पति के देहांत के बाद चंद्रावती चाय की दुकान से परिवार का गुजारा कर रही हैं। चंद्रावती की पांच बेटियां और एक बेटे हैं। दो बेटियों की शादी हो चुकी है। सोमवार को दोपहर बाद घर में नाबालिग बहन माधुरी की गला दबाकर हत्या करने के बाद लक्ष्मण चाय की दुकान पर पहुंचा और वहां मां व दो बहनों से कहा कि बोरा ठेला लेकर चलो, लाश को ठिकाने लगाना है। इतना सुनते ही मां और दोनों बहनों के होश उड़ गए। मां दोनों बेटियों के साथ भागी-भागी घर पहुंचीं तो वहां देखा कि माधुरी की लाश पड़ी है। लोगों ने हत्यारोपी लक्ष्मण को पकड़ लिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। लोगों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।
मौके पर बृजमनगंज थानाध्यक्ष संजय दुबे समेत आलाधिकारी पहुंचे। मृतका के शव को पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया। थाने में चंद्रावती ने बेटे के खिलाफ तहरीर दी है जिस पर पुलिस आगे कार्रवाई करने में जुट गई है। पुलिस के मुताबिक, लक्ष्मण नशे का आदी है। उसकी पत्नी भी उसके साथ नहीं रहती है। घर में उसकी वजह से काफी कलह होती थी। इस मामले में लक्ष्मण के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में कुछ और निकला तो केस में और भी धाराएं लगाई जाएंगी।












Click it and Unblock the Notifications