Vikas Dubey: महाकाल मंदिर से यूपी के दो वकीलों को पूछताछ के लिए ले गई पुलिस
उज्जैन। आखिरकार उत्तर प्रदेश का दुर्दांत अपराधी और पांच लाख रुपए का इनामी बदमाश विकास दुबे बड़े ही नाटकीय तरीक से गुरुवार को गिरफ्तार हो गया। उसे उज्जैन पुलिस ने महाकाल मंदिर के परिसर से गिरफ्तार किया है। साथ ही पुलिस महाकाल मंदिर में दर्शन करने आए दो वकीलों को भी थाने ले गई है। इस बारे में उज्जैन सीएसपी ने कहा है कि दोनों वकीलों को सामान्य पूछताछ के लिए लाया गया है।

उज्जैन के सीएसपी रवींद्र वर्मा ने दो वकीलों से पूछताछ मामले पर बताया है कि लखनऊ हाई कोर्ट के दो एडवोकेट महाकाल के दर्शन के लिए आए थे। इनकी यूपी की कार थी इसलिए सामान्य पूछताछ के लिए इन्हें लाया गया है। विकास दुबे के साथ इनका कोई डायरेक्ट और इनडायरेक्ट संबंध अब तक सामने नहीं आया है। पूछताछ जारी है।
VIP रसीद कटवाते वक्त अपनी आईडी दी थी या नहीं
पूछताछ में विकास ने पुलिस को कुछ और साथियों के बारे में बताया है, जो उसके साथ आए थे। उज्जैन के कई इलाकों में पुलिस उन लोगों की तलाश रही है। बता दें कि पुलिस को यूपी नंबर की दो कारें भी मिली हैं। प्रारंभिक रूप से यह जानकारी भी मिली है कि दुबे और उसके साथियों ने दर्शन के लिए प्री-बुकिंग भी कराई थी। विकास दुबे ने दर्शन के लिए 250 रुपए की रसीद कटवाई थी। नियमानुसार इस रसीद के लिए आइडी देना अनिवार्य होता है। पुलिस अब यह जानकारी निकाल रही है कि दुबे ने रसीद कटवाते वक्त अपनी आइडी दी अथवा नहीं। वहीं, गृह मंत्री नरोत्तम मिश्र का कहना है कि वारदात होने के बाद से ही हमने मध्य प्रदेश पुलिस को अलर्ट पर रखा था। जैसे ही संदेह हुआ उसे उज्जैन के महाकाल मंदिर से गिरफ्तार कर लिया गया।












Click it and Unblock the Notifications