अंधविश्वास: चमत्कार की अफवाह फैलने पर पेड़ को छूने पहुंचे हजारों लोग, पुलिस बल करना पड़ा तैनात
होशंगाबाद। महुआ के पेड़ को छूने से चमत्कार की उम्मीद लेकर हजारों लोग पहुंच गए। नतीजा यह रहा कि भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस बल तैनात करना पड़ा। आधुनिकता के दौर में भी अन्धविश्वास की जड़ें गहरी करने वाला यह मामला मध्य प्रदेश के होशंगाबाद जिले के पिपरिया क्षेत्र के गांव नयागांव का है।

एक दिन में पहुंचे 40 हजार लोग
दरअसल, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व क्षेत्र में नयागांव के पास महुआ का एक पेड़ है। सोशल मीडिया पर पिछले कई दिन से अफवाह फैल रही है कि महुआ के इस पेड़ को छूने से बीमारी दूर हो जाती है। अफवाह आस-पास के कई गांवों में फैलने पर रविवार को यहां करीब 40 हजार लोग पेड़ का चमत्कार देखने और पेड़ को छूने पहुंच गए। जंगल में हर तरफ वाहनों का मेला दिखाई दिया। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के पहुँचने से पुलिस की भी परेशानी बढ़ गई है। मजबूरी में पुलिस प्रशासन को हजारों लोगों की अनियंत्रित भीड़ का काबू में करने एवं दुघर्टनाओं को रोकने के लिए रविवार को भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
कई थानों की पुलिस पहुंची मौके पर
वहीं, आईजी आशुतोष राय, एसपी एमएल छारी, एडीशनल एसपी घनश्याम मालवीय, एसडीओपी रणविजय कुशवाहा व स्टेशन रोड थाना प्रभारी सतीश अंधवान सहित मंगलवारा थाना प्रभारी प्रवीण कुमरे और चार थानों का पुलिस बल लगा रहा। लोग भले ही चमत्कार मानकर पेड़ को छूने के लिए पहुँच रहे हैं, तो वहीं कुछ लोग इस भीड़ को देखकर भी हैरान है। हालांकि अभी तक किसी की बीमारी यहां ठीक हुई हो ऐसा किसी ने दावा नहीं किया है, लेकिन लोगों लगातार यहाँ पहुंचना जारी है।
दैवीय शक्ति का दावा
मीडिया रिपोटर्स में दावा किया जा रहा है कि लोगों का मानना है कि पेड़ में कोई दैवीय शक्ति विराजमान है, क्योंकि इसके पास पहुंचने पर पेड़ लोगों को अपने पास खींचता है। इस बात की सूचना जंगल की आग की तरह सोशल मीडिया के चलते फैल गई। नवरात्रि से अब तक लगभग एक माह में करीब ढाई लाख लोग चमत्कारी पेड़ को छूने पहुंच चुके हैं।
ऐसे शुरू हुई अफवाह
बताया जा रहा है कि नवरात्रि के पहले जंगल में एक आदिवासी जानवर चराने गया था। थककर वह महुआ के पेड़ के पास आराम करने लगा। उस आदिवासी ग्रामीण को गठियावात की बीमारी थी, लेकिन जब वह सोकर उठा तो उसका सारा दर्द गायब हो गया। इसी बात को उसने गांव के लोगों को जाकर बताया। देखते ही देखते यह बात सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और उसके बाद से ही यहां लोग पहुंच रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications