mp nikay chunav: सागर में 9 साल बाद फिर ढोलक और तिवारी परिवार आमने-सामने, लेकिन दल और दिल बदल गए
सागर, 15 जून। नगरीय निकाय चुनाव मप्र के सागर में रोचक होने जा रहा है। कांग्रेस और भाजपा महापौर प्रत्याशी भले ही पहली दफा राजनीति और चुनावी अखाडे में उतरीं है, लेकिन इनके परिवार पूर्व में भी चुनावी दंगल में आमने-सामने आ चुके हैं। सबसे रोचक बात यह है कि ठीक 9 साल बाद ढोलक बीडी परिवार और तिवारी परिवार दोबारा सामने आया तो है, लेकिन इनके दल और दिल बदले हुए हैं। पहले जो कांग्रेस से था, वह अब भाजपा में है। जो पहले भाजपा से था वह परिवावर अब कांग्रेस से चुनाव लड रहा है!

सागर में कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशियों के परिवार ठीक 9 साल बाद एक बार फिर चुनावी अखाडे में आमने-सामने आए हैं, हालांकि साल 2013 के चुनाव से यह चुनाव उलट है, कारण दोनों की पार्टियां बदल गई हैं। कांग्रेस से महापौर प्रत्याशी निधि जैन ढोलक बीडी परिवार की बहू हैं, उनके जेठ भाजपा से 9 साल पहले विधानसभा प्रत्याशी थे तो दूसरी ओर भाजपा महापौर प्रत्याशी संगीता तिवारी के पति उस चुनाव में कांग्रेस से विधायक का चुनाव लडे थे। जीत भाजपा की हुई थी और डॉ तिवारी को हार का सामना करना पडा था। 2013 विधानसभा चुनाव के विपरीत इस चुनाव में ढोलक परिवार से कांग्रेस प्रत्याशी निधि जैन हैं, तो तिवारी परिवार से डॉ सुशील तिवारी की पत्नी संगीता तिवारी भाजपा से महापौर प्रत्याशी हैं।
संयोग दोनों प्रत्याशियों के पति चुनाव हार चुके हैं
महापौर चुनाव में एक और संयोग है कि कांग्रेस और भाजपा के महापौर प्रत्याशियों के पति अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव हार चुके हैं। कांग्रेस प्रत्याशी निधि जैन के पति सुनील जैन देवरी से एक बार विधायक चुने गए थे, दोबारा टिकट कटने के बाद निर्दलीय चुनाव लडे, लेकिन हार गए थे। वहीं भाजपा प्रत्याशी संगीता तिवारी के पति डॉ सुशील तिवारी सागर विधानसभा सीट से साल 2003 और 2013 का चुनाव हार चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications