बैतूल : लव मैरिज करने पर गुस्साए लोगों ने प्रेमी की दुकान में लगाई आग, धारा 144 लागू
बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के गांव बिसनुर में लव मैरिज को लेकर माहौल तनावपूर्ण हो गया। गुस्साए लोगों ने प्रेमी और उसके रिश्तेदारों की दुकानों को आग के हवाले कर दिया। गांव में भारी संख्या में पुलिस तैनात करना पड़ा है। स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए शनिवार को धारा 144 लागू की गई है।

बैतूल जिला पुलिस अधीक्षक कार्तिकेयन ने शनिवार को बताया कि आठनेर पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी समेत 24 लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की है। उनमें से सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
उन्होंने बताया कि बिसनूर गांव में एक दलित युवक ने ओबीसी युवती के साथ प्रेम विवाह किया था और दोनों बालिग हैं तथा साथ रहना चाहते हैं, लेकिन लड़की पक्ष के लोग इस विवाह को मानने के लिये तैयार नहीं हैं और इस बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद पैदा हो गया है। एसपी ने बताया कि बैतूल जिला कलेक्टर तेजस्वी नायक के साथ गांव में पहुंचकर हालात का जायजा लिया और दोनों पक्षों से मुलाकात कर उन्हें समझाया है। सुरक्षा व्यवस्था के बाद गांव में हालात पूरी तरह से सामान्य हैं।
बता दें कि यह प्रेमी जोड़ा घर से भाग गया था। पुलिस में हुई शिकायत के बाद इस जोड़े को सिवनी जिले से बरामद कर शुक्रवार भैसदेही कोर्ट में पेश किया गया। जिसके बाद यह जोड़ा गांव छोड़कर कहीं चला गया था। इसी दौरान बीती रात प्रेमी युवक की बिसनुर में मौजूद जूते चप्पलों की दो दुकानों में गांव के असामाजिक तत्वों ने आग लगा दी। घटना के बाद से दलित परिवार दहशत में है। पुलिस ने गांव की महिला सरपंच चंदा प्रफुल्ल ठाकरे के देवर अतुल ठाकरे समेत 24 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर चार आरोपियों को हिरासत में लिया है।












Click it and Unblock the Notifications