ग्वालियर: ट्रक में पीछे से घुसी एंबुलेंस, बेटे का शव लेकर जा रहे पिता की हुई मौत
ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर नेशनल हाइवे 92 पर अपने बेटे के शव को घर लेकर जा रहे पिता की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंच पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, खनक सिंह (58) निवासी गहरौली जिला हमीरपुर अपने बेटे सुरेन्द्र सिंह का शव लेकर ग्वालियर से अपने घर जा रहे थे। भिंड-ग्वालियर रोड पर गोहद चौराहा के आगे तेज रफ्तार एंबुलेंस आगे चल रहे ट्रक के अचानक ब्रेक लगने से उसमें पीछे से घुस गई। हादसे में खनक सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि एंबुलेंस चालक गिरीश शर्मा और राम राजपूत घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने ग्वालियर के नाका चंद्रवदनी निवासी करन सिंह पुत्र सीताराम यादव की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
लीवर खराब होने की वजह से हुई थी बेटे की मौत
ऐसा बताया जा रहा है कि खनक सिंह के बेटे सुरेन्द्र सिंह का लीवर खराब हो गया था। बेटे का इलाज ग्वालियर के जयारोग्य चिकित्सालय में चल रहा था। शुक्रवार की रात उसकी मौत हो गई। इसके बाद खनक सिंह अपने बेटे की लाश लेकर अपने गांव जा रहा था। लेकिन रास्ते में एक्सीडेंट हो गया।












Click it and Unblock the Notifications