चीन जाने के लिए हुआ चयन लेकिन टूट न जाए महिला खिलाड़ी के सपने!
टीकमगढ़। राष्ट्रीय स्तर पर मध्य प्रदेश और टीकमगढ़ का नाम रोशन करने वाली सॉफ्टबॉल खिलाड़ी शिवांगनी वर्मा का चयन चीन में आयोजित होने वाली एशियन जूनियर महिला सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप के लिए हुआ है।
चीन जाने के लिए राष्ट्रीय खिलाड़ी शिवांगनी को 1 लाख 25 हजार रुपए की जरूरत है और गरीबी अब उनके रास्ते में बाधा बनकर खड़ी हो गई है।

कौन करेगा शिवांगनी की मदद
सॉफ्टबॉल खिलाड़ी शिवांगनी के परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी अच्छी नहीं है कि चीन की चैंपियनशिप खेलने के लिए सवा लाख रुपए जुटा सके।
परिवार को डर है कि कहीं शिवांगनी का सपना टूट न जाए। उन्होंने इस मामले में सरकार से उम्मीद लगा रखी है कि वह शिवांगनी के लिए कुछ करेगी।
8 सालों से कर रही हैं लगातार प्रैक्टिस
शिवांगनी पिछले 8 सालों से लगातार सॉफ्टबॉल खेल की प्रैक्टिस में जुटी हैं। टीकमगढ़ से निकलकर वह राष्ट्रीय स्तर पर इस खेल में अपनी प्रतिभा दिखा चुकी हैं। उन्होंने इस खेल में देश के अंदर होने वाली चैंपियनशिप में 7 बार मध्य प्रदेश की सॉफ्टबॉल टीम का प्रतिनिधित्व किया है।

चीन में होने वाली एशियन जूनियर महिला सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप के लिए उनका चयन हुआ है और वह भारतीय जूनियर सॉफ्टबॉल टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। लेकिन शिवांगनी के पास इतने पैसे नहीं हैं कि वह चीन जाने की सोच सकें।
सॉफ्टबॉल खेल की देश में उपेक्षा
शिवांगनी के कोच पी प्रसन्ना का कहना है कि सॉफ्टबॉल खेल को सरकार और प्रशासन की तरफ से मदद नहीं मिल पाती क्योंकि यह उनके प्रायोरिटी गेम में नहीं है।
कोच को आशा है समाजसेवी लोग और जनप्रतिनिधि इस मामले में शिवांगनी की मदद के लिए आगे आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications