भोपाल: भाजपाई जबरन हर मकान पर लिख रहे, 'मेरा घर भाजपा का घर'
भोपाल में पार्टी के लिए छेड़े गए सदस्यता अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता दबंगई पर उतर आए हैं और वो बिना पूछे हर घर पर भाजपा के समर्थन में नारे लिख देते हैं।
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में इस समय भाजपाइयों की दबंगई से शहरवासी परेशान हैं। बिना मकान मालिक से से पूछे ही भाजपाई उनके घरों पर भाजपा के समर्थन में नारे लिख रहे हैं। भाजपाई हर घर पर जबर्दस्ती 'मेरा घर भाजपा का घर' लिख रहे हैं।

भाजपाइयों ने मचाया भोपाल में 'आतंक'
भाजपा के कार्यकर्ताओं ने सदस्यता अभियान के तहत शहर के कई इलाकों में दीवारों पर 'मेरा घर भाजपा का घर' लिखने की मुहिम छेड़ रखी है। इस बारे में कई स्थानीय लोगों ने विरोध जताते हुए कहा कि बिना उनकी परमिशन के ही उनके घरों पर 'मेरा घर भाजपा का घर' लिख दिया गया।

लिखने से मना करने पर देते हैं धमिकयां
भाजपाई इस नारे को घरों की दीवारों पर, रास्ते में चारदीवारियों पर, खंभों पर, जहां जगह मिल रहा है, वहीं लिख रहे हैं। लोगों का कहना है कि मना करने पर भाजपा कार्यकर्ता धमिकयां भी देते हैं।

कांग्रेस नेताओं के घर पर लिख गए नारे
भाजपा कार्यकर्ताओं ने दूसरे दलों के समर्थकों के घरों पर भी 'मेरा घर भाजपा का घर' लिख दिया। इस बारे में कांग्रेस के एक स्थानीय नेता प्यारे खान ने कहा कि उनके घर की दीवारों पर भी बाहर से भाजपा का यह नारा लिखा गया। उन्होंने कहा, 'मेरे परिवार के सदस्यों ने लिखने से मना किया लेकिन वे फिर भी जबरन लिखकर चले गए। मैं उस वक्त घर पर नहीं था।'

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा, सही कर रहे हैं कार्यकर्ता
शहरवासियों में भाजपाइयों की इस दबंगई को लेकर बहुत गुस्सा है। इस बारे में सवाल किए जाने पर भाजपा नेता और प्रदेश प्रवक्ता राहुल कोठारी ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता उत्साह में ये सब करते हैं, इसमें कुछ गलत नहीं क्योंकि इलाके में काफी विकास का काम हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications