Serial Killer: फिल्म KGF के रॉकी की तरह DON बनना चाहता था, अगला टारगेट थी पुलिस
सागर, 2 सितंबर। पांच चौकीदारों को मौत के घाट उतारने वाले सीरियल किलर को पुलिस ने भोपाल के खजूरी (बैरागढ़) क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आर्ट एंड कॉमर्स कॉलेज में चौकीदार की हत्या के बाद चोरी मोबाइल को ऑन करते ही वह पुलिस के सर्विलांस के रडार पर आ गया। जहां उसने मोबाइल ऑन किया था किलर पुलिस को वहीं बैठा मिला। उसने भोपाल के खजूरी के एक मार्बल पीठे के चौकीदार को भी सोते समय सिर फोड़कर मार डाला था। सागर में पुलिस की सख्ती, कसावट और सर्चिंग देख वह भोपाल भाग गया था। उसकी उम्र महज 19 साल बताई जा रही है। वह कम समय में KGF फिल्म के किरदार DON रॉकी की तरह नाम कमाना चाहता था।
Recommended Video

केजीएफ फिल्म के किरदार डॉन रॉकी की तरह नाम चमकाने की थी चाहत
भोपाल से सागर पुलिस के हत्थे चढ़ा सीरियल किलर केसली के आदिवासी टोला का रहने वाला शिव कुमार धुर्वे (19) महाराष्ट्र के पुणे के अलावा गोवा, हैदराबाद जैसे बड़े शहरों में होटल का वेटर रह चुका है। पुलिस के हत्थे चढ़ा सीरियल किलर है। वह कम समय में केजीएफ फिल्म के किरदार डॉन रॉकी की तरह नाम कमाना चाहता था।

फेमस होने की चाहत में नौकरी छोड़कर गांव वापस आ गया था
बरसात के पहले नौकरी छोड़कर वह गांव लौट आया था और तभी से खुद को फेमस कैसे कर सकता है, किस तरह से वह फिल्मी स्टाइल में रातों-रात व डाॅन बन सकता है, इसकी प्लानिंग कर रहा था। शिव के टारगेट पर चौकीदार के बाद पुलिस थी। उसका कहना था वह रुपए इकट्ठा कर हथियार खरीदने वाला थाए ताकि पुलिस को निशाना बना सके। उसने चौकीदारों की हत्या केवल बडे डॉन के रूप में नाम चमकाने के लिए की थी। अगर पकड़ा न गया होता तो भोपाल में कई चौकीदारों को मारने की प्लानिंग थी।

4 हत्याओं के बाद पुलिस की सख्ती देख वह भोपाल भाग गया
साइको किलर शिव 27 अगस्त की रात साइकिल से केसली से सागर आया और भैंसा में ट्रक बॉडी मेकर कारखाने में चौकीदार को अकेला देख उसकी हत्या कर दी। उसने 29 अगस्त को आर्ट एंड कॉमर्स कॉलेज और 30 अगस्त को रतौना में चौकीदार को मौत के घाट उतारा। 30 अगस्त के बाद पुलिस ने सख्ती बढ़ाई तो वह डर गया और 31 की सुबह भोपाल भाग गया।

चौकीदार दुबे के मोबाइल ने किलर तक पहुंचाया
आर्ट एंड कॉमर्स कॉलेज में चौकीदार शंभूशरण दुबे की हत्या के बाद साइको किलर शिवप्रसाद उनका मोबाइल फोन उठा ले गया था। उसे ऑन करने पर पुलिस टीम भोपाल पहुंची थी। गुरुवार रात बैरागढ़ के खजूरी में किलर ने मार्बल पीठा पर चौकीदार की हत्या की और बस स्टॉप पर आ गया। यहां उसने फिर मोबाइल ऑन किया और काफी देर तक बैठा रहा। पुलिस ने यहीं से लोकेशन के आधार पर दबोचा।

पुलिस महानिरीक्षक घंटो खुद पूछताछ करते रहे
भोपाल से पकड़कर सागर लाए गए सीरियल किलर शिवप्रसाद को पुलिस सागर के सिविल लाइन्स थाने लाई थी। यहां पर एसपी, एडिशनल एसपी ने उससे पूछताछ की थी। उसके बाद आईजी अनुराग ने उससे घंटों बंद कमरे में पूछताछ की है। उन्होंने उससे मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ कर हत्याओं के पीछे का उद्देश्य जानने का प्रयास किया। हत्या के तरीके, वह ऐसा आखिर क्यों कर रहा था जैसे सवाल भी पूछे गए। इस दौरान उसके चेहरे पर रत्तीभर भी शिकन नजर नहीं आई। वह हंसते हुए पुलिस को जवाब दे रहा था। उसे गुमान नहीं था कि उसने क्या अपराध किया हैं।












Click it and Unblock the Notifications