मोहन यादव के आवास पर बढ़ाई गई सुरक्षा, BJP कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत, बेटे ने कही दिल छू लेने वाली बात
Mohan Yadav: चुनाव परिणाम के काफी दिनों बाद मध्य प्रदेश को नया मुख्यमंत्री मिल गया। मध्य प्रदेश के नये मुख्यमंत्री मोहन यादव बनेंगे। सीएम का ऐलान होते ही मोहन यादव के आवास पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मोहन यादव के भोपाल स्थित आवास पर पहुंचने पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
सीएसपी सुमित अग्रवाल का कहना है कि नवनिर्वाचित सीएम का आवास इसी पुलिस स्टेशन सीमा के अंतर्गत आता है। इसलिए, प्रोटोकॉल के अनुसार यहां सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मोहन यादव के उज्जैन स्थित आवास के बाहर पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

मनोनीत मुख्यमंत्री मोहन यादव के बेटे अभिषेक यादव ने कहा कि यह संगठन की विचारधारा को दर्शाता है। वह 1982 से संगठन के लिए समर्पित हैं। उन्होंने अब 40 साल का सफर तय कर लिया है और अब उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी का दायित्व वह बखूबी निभाएंगे। मैंने कभी नहीं सोचा था कि पिताजी मुख्यमंत्री बनेंगे, लेकिन वह हर काम में अपना सर्वस्व झोंक देते थे।
समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए मोहन यादव ने कहा कि मैं भाजपा का सिपाही हूं। यह दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन गई है क्योंकि यह अपने सभी कार्यकर्ताओं का ख्याल रखती है। मुझे खुशी है कि पार्टी ने इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी है। मेरे जैसा सामान्य कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी दी है। मैं पार्टी के अलावा पूरे प्रदेश की जनता का भी आभार व्यक्त करता हूं जिन्होंने प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनाई। मुझे उम्मीद है कि सबके साथ मिलकर मैं शिवराज सिंह चौहान सरकार के कामों को आगे बढ़ाऊंगा।
Recommended Video
मध्य प्रदेश के मनोनीत मुख्यमंत्री मोहन यादव और मनोनीत उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला और जगदीश देवड़ा का शपथ ग्रहण समारोह 13 दिसंबर को भोपाल में होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी ने 8.5 करोड़ लोगों का प्यार और विश्वास जीता है। हम पीएम मोदी के नेतृत्व में विकास के कारवां को आगे बढ़ाएंगे। मैं जनता की सेवा करूंगा। मैं पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान द्वारा शुरू किए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ाऊंगा। हम सभी वादे पूरे करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications