MP News: 'ये कलयुग के औरंगजेब हैं...', सज्जन सिंह वर्मा ने MLA गोलू शुक्ला के बेटे पर साधा निशाना
मध्य प्रदेश के इंदौर से विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला ने देवास स्थित मां चामुंडा की टेकरी पहुंचकर देर रात अपने दोस्तों के साथ माता के दर्शन किए थे। इस दौरान मंदिर के कपाट नहीं खुलने पर रुद्राक्ष शुक्ला और उनके दोस्तों ने पुजारी के साथ अभद्रता को अंजाम दिया था। वहीं इस पूरे घटनाक्रम के बाद अब कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा ने टेकरी पहुंचकर माता से क्षमा मांगी है।
देवास टेकरी पहुंचे कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि, हम लोग मां से क्षमा मांगने आए हैं, मां जिन आताताईयों ने तेरा अपमान किया है, लोगों ने तेरा प्यार देखा है, आशीर्वाद देखा है, कृपया क्रोध नहीं देखा है। प्रार्थना है कि, क्रोध मत करना मां, वह तो पापी है, दंड के भागीदारी हैं, तू सर्वशक्तिमान है। यह दंड से वह लोग बच नहीं सकते।

सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि, मैं कहता हूं कि इस कलयुग में औरंगजेब ने तो मंदिर तोड़े थे, और ये हिंदू औरंगजेब बन गए, आजकल जो मंदिर के अंदर रात्रि में घुसकर देवी देवताओं के शयन में खलल डालते हैं, चाहे खजराने का पवित्र मंदिर हो, चाहे महाकाल का पवित्र मंदिर हो, या मां चामुंडा की पवित्र टेकरी हो, यहां रात में घुसकर कलयुग के आताताइयों ने कलयुग के औरंगजेब ने, औरंगजेब तो मंदिर तोड़ता था, लेकिन यह भगवान की निद्रा में खलल डालकर उनको अपमानित करने का काम करते हैं। मां दंड जरूर देगी, मुझे इस बात का दुख है कि, यह सनातनी लोग जिस बच्चे ने दुर्घटना की है, उसका पिता विधायक है, और सनातनी विधायक है। मुझे आश्चर्य है की असली सनातनी जो देवास में रहते हैं, उनके मुंह से भी एक शब्द नहीं निकला, अपनी मां का अपमान हुआ यह आश्चर्य है।
कांग्रेस ने जमकर साधा निशाना
मध्यप्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग अध्यक्ष मुकेश नायक व प्रदेश प्रवक्ता एवं देवास जिला मिडिया प्रभारी अमित चौरसिया ने अपने संयुक्त प्रेस व्यक्तव्य में इस कांड की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए बीजेपी और मुख्यमंत्री मोहन यादव पर करारा प्रहार किया। नायक ने कहा कि, बीजेपी, जो दिन-रात धर्म और संस्कृति की रक्षा का ढोंग रचती है, आज अपने ही विधायक के बेटे की इस घृणित हरकत पर मौन धारण किए हुए है। रुद्राक्ष शुक्ला का यह कृत्य माता रानी के मंदिर की पवित्रता पर हमला ही नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश की सवा सात करोड़ जनता की आस्था और विश्वास पर कायराना प्रहार है। क्या यही है बीजेपी का रामराज्य? क्या यही है उनका धर्म और संस्कृति के प्रति समर्पण? यह घटना बीजेपी की दोहरी नीति और सत्ता के दुरुपयोग का सबसे बड़ा प्रमाण है।
पुलिस और प्रशासन की निष्क्रियता
नायक ने देवास पुलिस और जिला प्रशासन की भूमिका को कायराना और संदिग्ध करार देते हुए कहा कि वायरल सीसीटीवी फुटेज में रुद्राक्ष शुक्ला और उनकी गाड़ी साफ नजर आ रही है, फिर भी पुलिस की आंखों पर सत्ता की पट्टी बंधी हुई है। पुलिस ने भले ही जीतेंद्र रघुवंशी नामक व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की हो, लेकिन मुख्य आरोपी रुद्राक्ष शुक्ला को बचाने की हर संभव कोशिश की जा रही है। यह साफ दर्शाता है कि देवास पुलिस सत्ता के दबाव में निष्पक्षता और कर्तव्य दोनों को भूल चुकी है। कलेक्टर और एसपी की भूमिका तो और भी शर्मनाक है। ये अधिकारी अपनी कुर्सी बचाने के लिए माता रानी के मंदिर की गरिमा और जनता की आस्था के साथ समझौता कर रहे हैं। क्या यही है भारतीय प्रशासनिक और पुलिस सेवा की मर्यादा?
नायक ने जोर देकर कहा, अगर कोई आम नागरिक मंदिर में इस तरह का उत्पात मचाता, तो उसे तुरंत जेल की सलाखों के पीछे डाल दिया जाता। लेकिन बीजेपी विधायक का बेटा होने के कारण रुद्राक्ष शुक्ला को खुला संरक्षण दिया जा रहा है। यह कानून के समक्ष सबके बराबर होने के सिद्धांत का खुला उल्लंघन है। पुलिस की यह दोहरी नीति न केवल जनता के विश्वास को तोड़ रही है, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश को शर्मसार कर रही है।
जन आंदोलन की चेतावनी
मुकेश नायक ने बीजेपी सरकार को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश की जनता इस सत्ता के अहंकार को और बर्दाश्त नहीं करेगी। अगर सरकार और पुलिस ने समय रहते रुद्राक्ष शुक्ला और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की, तो मध्यप्रदेश कांग्रेस जनता के साथ मिलकर सड़कों पर उतरेगी। हम इस गुंडागर्दी और सत्ता के दुरुपयोग के खिलाफ निर्णायक आंदोलन चलाएंगे। माता रानी के मंदिर का अपमान और जनता की आस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
ये भी पढ़े- MP News: देवास टेकरी पर हंगामा, MLA के बेटे पर कांग्रेस का आरोप, आंदोलन का दिया अल्टीमेटम












Click it and Unblock the Notifications