Searching Campaign: आधी रात को आई पुलिस, अपराधियों के साथ फोटो उतरवाई, हाजिरी लगाकर रवाना
Madhya Pradesh पुलिस को इन दिनों नया काम मिला है। पुलिस रात-रातभर जागकर गली-गली में सायरन बजाकर अपराधियों के दरवाजे खटखटा कर यह पुख्ता कर रही है कि फलां अपराधी अपने घर पर ही मौजूद है या नहीं। इतना ही नहीं उन्हें बाकायदा अपराधी के साथ सेल्फी लेकर या फोटो खींचकर पुलिस के ग्रुप में भी भेजना पड़ रही है। पुलिस रजिस्टर लेकर गली-गली घूमकर ऐसे निगरानीशुदा, तड़ीपार, हाजिरी लगाने वाले बदमाशों के घर-घर जा रही है।

Madhya Pradesh के सागर जिले में आला पुलिस अधिकारियों से लेकर थाना प्रभारी के नेतृत्व में बीट-प्रभारी तक बीते दो दिन से हाथों में रजिस्टर लेकर गुंडा-बदमाशों की हाजिरी लगाते सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं। यह काम देर शाम से सुबह तक चल रहा है। दरअसल पुलिस कप्ताल तरुण नायक ने सभी को ऐसे तमाम अपराधियों की तस्दीक करने की वे घर पर हैं या नहीं, कहीं अपराधों में संलिप्त तो नहीं है, इन पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। फिर क्या था रातभर पुलिस की गाड़ियां सायरन बजाती, सांय-सायं करती सारी रात शहर के एक कोने से दूसरे कोने तक घूम-घूम कर गुंडा-बदमाशों और अपराधियों के घरों के दरवाजे की कुंडी बजा रहे हैं, घंटी बजा रहे हैं। एकबारगी तो पुलिस को दरवाजे पर देखकर पहले निगरानीशुदा, रिकॉर्डशुदा सामने नहीं आ रहे, बाद में पुलिस द्वारा बताया गया कि गिरफ्तार करने नहीं तस्दीक करने आए हैं, जिसके बाद कोई कच्छे में तो कोई तोलिया तो कोई पायजामे में बाहर आया। पुलिस की मजबूरी देखिए, मोबाइल निकालकर अपराधी की साथ खड़े होकर फोटो या सेल्फी लेकर विभाग के अधिकारिक ग्रुप में फोटो भी डालनी पड़ रही और रजिस्टर में हाजिरी लगाने की तरह एंट्री भी करना पड़ रही है।

बदमाशों में पुलिस का डर बना रहेगा, पुलिस को जानकारी रहेगी
गुंडा बदमाशों के खिलाफ बीती रात पुलिस अधीक्षक सागर तरुण नायक द्वारा सभी पुलिस अधिकारी एवं जिले के समस्त थाना प्रभारियों को निर्देश दिए थे। हिस्ट्रीशीटर, गुंडा, निगरानी बदमाश, आदतन अपराधियों को चेक किया जाए। इससे अपराधियों में पुलिस और कार्रवाई का खौफ बना रहेगा कि पुलिस उन पर नजर बनाए हैं। वहीं रात के अंधेरे में गैर कानूनी कार्यों में लिप्त रहने वाले अपराधी पुलिस न पहुंच जाए इस डर से घर पर ही रहेंगें।

एक हजार से अधिक अपराधियों के घर पहुंची थी पुलिस
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीना ज्योति ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर विक्रम सिंह कुशवाहा के निर्देशन में अभियान चलाकर जिले के सभी अधिकारी पुलिस, थाना प्रभारियों की टीम बना कर थानों में पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड शुदा वारंटी, हिस्ट्रीशीटर, गुंडा, बदमांश निगरानी बदमाश, जिलाबदर, आदतन अपराधियों को थानों के समस्त बल लगाकर देर शाम से सुबह 6 बजे तक सघन रूप से सर्चिग की गई। जिसमें कुल गुंडा बदमाश 593, निगरानी बदमाश, 368 कुल जिलाबदर 19 को चेक किया गया। चेकिंग के दौरान जो गुंडा बदमाश हिस्ट्रीशीटर तय पते पर नहीं मिले उनकी भी गहनता से तस्दीक की गई जैसे वर्तमान पता, किस काम में लगा हुआ है।
आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त मिले तो फिर जेल जाएंगे
पुलिस अधीक्षक सागर ने बताया कि गुंडा बदमाशों के खिलाफ पुलिस की सख्ती लगातार जारी रहेगी, साथ ही जिले के सभी पुलिस अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया हैं कि रात्रि कालीन गश्त के दौरान और बीट प्राभारी, माइक्रो बीट प्रभारियों के माध्यम से जिले के सभी गुंडा निगरानी, आदतन अपराधी, जिला बदर, जेल से जमानत पर छूटने वाले अभी अपराधियों की लगातार चेकिंग की जाए। सभी अपराधियों पर पुलिस की नजर रखी जाएं। किसी भी प्रकार के अपराधी द्वारा कोई भी विधि विरुद्ध कार्य किया जाना परिलक्षित होते ही तुरंत सख्त कार्रवाई उनके विरुद्ध की जाए।












Click it and Unblock the Notifications