लुटेरी दुल्हनः शादी से पहले ससुराल में डाका, बेहोश कर जेवर, नकदी लूट ले गई
सागर, 12 सितंबर। मप्र के सागर इलाके में एक बार फिर एक युवक का परिवार लुटेरी दुल्हन की साजिश का शिकार हो गया। इस बार मामला कुछ अलग तरह का है। इसमें युवती दुल्हन बनने से पहले ही ससुराल पहुंच गई थी। रात में रुकी और होने वाले ससुराल वालों को अपने हाथों से भोजन बनाकर खिलाया था। इसमें नशीली दवा मिला दी थी। घर के सभी सदस्य बेहोश हो गए और रात के अंधेरे में दुल्हन बनने से पहले ही ससुराल से नकदी, सोने-चांदी के जेवर लूट कर रफूचक्कर हो गई। परिजनों को जब होश आया तो वे सभी अस्पताल में भर्ती थे।

सागर जिले के बीना में खिमलाशा थाना इलाके के रहवासी रम्मा सेन अपने बेटे दुर्गेश की शादी कराने के लिए लड़की की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान उनके एक परिचित ने मध्यस्थता करते हुए बताया कि उड़ीसा से एक परिवार बीना आया है, उन्हें अपनी लड़की की शादी करना है। रेलवे स्टेशन के पास ठहरे हैं, आप को यदि उचित लगे तो मिल लो। रम्मा सेन बेटे के विवाह के लिए गंभीर थे सो लड़की वालों से मिलने और देखने पहंुच गए। रम्मा और उनकी पत्नी मालती सेन बीना पहुंचकर लड़की व उसके साथ आए कथित परिजन से बातचीत की और लड़की पसंद आने पर आगे की प्लानिंग व विवाह की तैयारियों की बात करने के लिए उन्हें अपने गांव में घर पर ले आए। शाम तक लड़की घर वालों अपनी होने वाली सास व अन्य सदस्यों से बातचीत करने लगी।

होने वाली दुल्हन काजल ने कहा आज खाना मैं बनाउंगी
उड़ीसा से बीना आए परिवार में जिस काजल नाम की लड़की रम्मा सेन अपनी बहू बनाने की तमन्ना में घर लेकर आए थे, उसने घर पहुंचकर बातचीत में सभी को प्रभावित कर लिया। शाम को उसने कहा कि सभी परिजन के लिए मैं खाना बनाउंगी। थोड़ी न नुकर के बाद, परिजन ने उसे भोजन तैयार करने की सहमति दे थी। खाना बनाने के दौरान काजल ने अपनी होने वाली ननद मोनिका को किसी काम से बाहर भेज दिया था। बाद में काजल ने पूरे परिवार के लिए भोजन बनाया और सभी को अपने हाथों से परोसकर भोजन कराया। भोजन करने के बाद एक-एक कर घर के सभी सदस्यो को नींद आने लगी और वे कब सो गए किसी को पता ही नहीं चला। जब आंख खुली तो सभी अस्पताल में भर्ती थे।
नशीला पदार्थ मिलाकर सभी को बेहोश किया था, सबकुछ लूट ले गई
उड़ीसा की लुटेरी दुल्हन कथित काजल ने भोजन बनाने के दौरान उसमें नशीली दवा मिला दी थी। जिससे असर से पूरा परिवार 18 घंटे से अधिक समय तक बेहोश रहा था। पीड़ित रम्मा सेन ने पुलिस को बताया कि भोजन करने के कुछ देर समय बाद एकदम से गहरी नींद में चले गए थे। उड़ीसा कि जिस लड़की को वे बहू बनाने के लिए घर लेकर आए थे उसके आधार कार्ड में उसका नाम काजल सिंह था और वह उड़ीसा के मंगला पाड़ापारा, हरिपाड़ा संबलपुर की रहने वाली है। लड़की के साथ एक व्यक्ति भी आया था, जिसने शादी कराने के बदले 70 हजार रुपए लिए थे।
रम्मा व परिजन की शिकायत के बाद पुलिस तलाश में जुटी
खिमलासा के रम्मा सेन का पूरा परिवार बेहोश मिला था। अस्पताल में इलाज के बाद वे ठीक हैं। किसी नशीला पदार्थ का सेवन से बेहोश हो गए थे। उनके बताए अनुसार जो लड़की व उसके साथी की साजिश व लूट की घटना बताई गई है, उसके आधार पर दोनों की तलाश कर रहे हैं। पीड़ितों के अनुसार लड़की उड़ीसा की रहने वाली है। उसका बीना इलाके में पहले से लोकल कनेक्शन क्या था, इसको लेकर भी जांच कर रहे हैं।
- अरविंद सिंह ठाकुर, थाना प्रभारी, खिमलासा












Click it and Unblock the Notifications