सीधी : तन झुलसा देने वाली गर्मी के बीच बारिश, ओलावृष्टि व तेज अंधड़, सुकून के साथ आफत भी
सीधी, 3 मई। मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ रही है। दिन का तापमान 46 डिग्री तक पहुंच रहा है। वहीं, रात को तापमान 30 डिग्री तक रिकॉर्ड किया जा रहा है। तन झुलसा देने वाली गर्मी के बीच सुकून भरी खबर आई है। मध्य प्रदेश के सीधी समेत आस-पास के कई इलाकों में बारिश हुई है। हालांकि बारिश के साथ ही ओलावृष्टि और तेज अंधड़ ने नुकसान भी पहुंचा।

दरअसल, शाम को सीधी जिले के कई इलाकों में अचानक बेमौसम बारिश व ओलावृष्टि का सिलसिला शुरू हुआ। इस आंधी एवं बारिश से खेत एवं खलिहानों में रखी फसलों के साथ ही उपार्जन केंद्रों में रखी फसलें भी पानी से सराबोर हो गई हैं।
रविवार शाम 6 बजे से मौसम का मिजाज बदलना शुरू हुआ था। देर रात तक बारिश होती रही। अंधड़ भी चला। बारिश, अंधड़ और ओलावृष्टि के समाचार ग्रामीण इलाकों से भी मिले हैं। जिला मुख्यालय पर चने के आकार के ओले गिरे तो कई ग्रामीण क्षेत्रों में बेर के आकार के।
मानसून से पहले हुई बारिश के साथ ही ओलावृष्टि होने पर किसानों को बड़ी क्षति हुई है। गनीमत ये रही कि करीब एक घंटे तक हल्की बारिश का दौर चलता रहा। इसके बाद बारिश के थम जाने पर लोगों ने राहत की सांस ली। बताया जा रहा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में वर्तमान में कई किसानों की फसलों की कटाई अंतिम दौर में है। साथ ही काफी किसानों की फसलें अभी गहाई के लिए खलिहान में रखी हुई हैं।
तेज अंधड़ से खपरैलों के साथ ही खेत एवं खलिहान में रखी फसलें भी उड़ गई। जिससे किसानों को भारी क्षति पहुंची है। बेमौसम बारिश होने के बाद फसलों के भीग जाने से गहाई का कार्य कई दिनों के लिए टल गया है।
मौसम के बदले मिजाज के चलते ये भी कयास लग रहे हैं कि रात में भी आंधी एवं बारिश के साथ ओलावृष्टि का खतरा बना रहेगा। तेज अंधड़ चलने के कारण कच्चे मकानों के खपरैल को भी कई स्थानों में क्षति होने की खबरें हैं। साथ ही तेज अंधड़ से कई स्थानों में टीनशेड भी उड़ गए।












Click it and Unblock the Notifications