सड़क पर आ गया टाइगर, भैसें और वाहनों के बीच रोड क्रॉस कर निकला तो थम गई सांसें
पन्ना टाइगर रिजर्व के बफर जोन से बाहर निकलकर टाइगर अब वाहनों के बीच से सड़क पर टहलते नजर आने लगे हैं। बीते दिनों ऐसे ही दो नजारे राहगीरो के सामने दिखे। हिनौता और अकोला इलाके में राहगीरों ने टाइगर के वीडियो बनाए हैं।

जरा कल्पना कीजिए आप जंगल के रास्ते से मोटर साइकल से जा रहे हो और इसी दौरान आपके सामने भारी-भरकम टाइगर नजर आ जाए तो क्या होगा! पन्ना टाइगर रिजर्व में बीते रोज ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जिसमें अपने पास टाइगर को देखकर वाहन चालक की जान हलक तक आ गई। हिनौता रेंज में सड़क पर टाइगर को देखकर एक कार चालक ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया है।

बाघ बड़े आराम से सड़क किनारे खखरी पर मस्ती के मूड में चल रहा था
पन्ना टाइगर रिजर्व की हिनौता बीट के बफर एरिया में बीते रोज एक बाघ सड़क पर आ गया। एक कार चालक ने बाघ के पत्थरों की बाउड्री पर तफरी करने का वीडियो बनाया है। वीडियों में बाघ बड़े आराम से सड़क किनारे खखरी पर मस्ती के मूड में चल रहा था, इसी दौरान कार के आसपास मौजूद कुछ दुपहिया वाहन चालक सामने की तरफ से आ रहे बाइक सवारों को आवाज देकर आगाह करते हैं कि वे वहीं रुक जाएं यहां पर टाइगर मौजूद है। दूसरी और टाइगर कुछ आगे जाकर बड़े आराम से सड़क पार कर सड़क के दूसरी तरफ चला गया।

सड़क दोनों तरफ भैंसे और दुपहिया वाहन भी मौजूद थे
बता दें कि हिनौता मार्ग पर जिस जगह टाइगर रोड क्रॉस कर रहा था, वहां पर सड़क के दोनों तरफ बाइक सवार लोग मौजूद थे। इनके अलावा कुछ चार पहिया वाहन के अलावा दोनों तरफ भैंसे और मवेशी भी मौजूद थी, लेकिन बाघ ने किसी की तरफ देखा तक नहीं, बल्कि खखरी से नीचे उतरा और आराम से रोड क्रॉस कर सड़क के दूसरी तरफ जाकर झाड़ियों में समा गया।

अकोला बफर क्षेत्र में बाघिन पी-234 सड़क पर आ गई
पन्ना टाइगर रिजर्व में ही एक दूसरा वीडियो सामने आया हैं। इसके किसी राहगीर ने बनाया था। इसमें बाघिन पी 234 अकोला बफर क्षेत्र से लगी हुई बराछ रोड पर दिखाई दी है। बाघिन पी-234 सड़क वाहनों के सामने से सड़क पार कर रही थी। वीडियो में दिख एक पर्यटक वाहन भी सामने की सड़क पर खड़ा दिखाई दे रहा है, जिसके दूसरी तरफ राहगीरों के वाहन खड़े नजर आ रहे हैं। बता दें कि पन्ना अमानगंज सड़क मार्ग एवं ग्रामीण क्षेत्र को जोड़ने वाली बराछ रोड, इटवा कलां रोड में आमतौर पर बाघ विचरण करते दिख जाते हैं।

बाघों की संख्या बढ़ने से वे कोर एरिया से बफर एरिया में जा रहे हैं
पन्ना टाइगर रिजर्व में वर्तमान में शावकों को मिलाकर करीब 80 बाघ मौजूद हैं। बाघों की संख्या बढ़ने और कोर एरिया सीमित होने के चलते टाइगर्स को टेरेटरी के लिए जगह कम पड़ने लगी। इस कारण टाइगर कोर एरिया से बाहर निकलकर बफर जोन में विचरण कर रहे हैं। इसी कारण बफर जोन से गुजरी सड़कों पर इनका मूवमेंट जब-तब नजर आता है। हालांकि यह कभी भी राहगीरों के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। वहीं बफर इलाके से सटे गांवों के आसपास टाइगर्स की मौजूदगी के कारण खतरा बढ़ता जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications