बुजुर्ग महिला के पैर काटकर कड़े निकाल ले गए बदमाश, दूसरे कमरे में सो रहे परिजनों को भनक तक नहीं लगी
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के बहोड़ापुर थाना इलाके के रामदास घाटी पर घर में घुसकर बदमाशों ने वृद्ध महिला की गला दबाकर हत्या कर दी और उसके पैर काटकर कड़े उतारकर ले गए। इस दौरान परिजन मकान के ऊपरी हिस्से में सो रहे थे। उन्हें वारदात की भनक तक नहीं लगी। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार रामदास घाटी पर स्थित सुनारों की बगिया में 85 वर्षीय जग्गो बाई अपने तीन बेटों नरेश, दिलीप और धर्मेंद्र के साथ रहती हैं। उनके बेटे मकान के ऊपरी हिस्से में रहते हैं जबकि बुजुर्ग जग्गो बाई नीचे रहती थीं। उनके बेटे दिलीप कुमार पचौरी ने बताया कि शनिवार सुबह छोटा भाई धर्मेंद्र जब उन्हें चाय देने कमरे में गया तो वे बिस्तर पर लहूलुहान हालत में मृत अवस्था में मिलीं। जग्गो बाई के दोनों पैर किसी धारदार हथियार से कटे हुए थे। वो कड़े पहनती थीं, जो गायब थे।
परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। पड़ताल के दौरान पुलिस को मौके से कोई हथियार नहीं मिला। एसआई देवी सिंह राठौर का कहना है कि शुरुआती जांच से लग रहा है कि बदमाशों ने पहले गला दबाकर जग्गो बाई की हत्या की होगी और बाद में पंजे काटकर कड़े उतारकर ले गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।












Click it and Unblock the Notifications