क्या नरेंद्र सिंह तोमर या प्रहलाद पटेल बनेंगे सीएम? PM मोदी की कैबिनेट से इस्तीफा के बाद बढ़ी सियासी हलचल
Next CM of Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश में सीएम चेहरे को लेकर सस्पेंस बरकरार है। चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत के बाद लगातार मुख्यमंत्री फेस को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। इसी बीच मध्य प्रदेश के दो दिग्गज भाजपा नेताओं ने लोकसभा की सदस्यता के बाद केंद्रीय मंत्रिमंडल से भी इस्तीफा दे दिया है।
केंद्रीय कृषि मंत्री रहे नरेंद्र सिंह तोमर और प्रहलाद पटेल ने भी अपने मंत्री पदों से इस्तीफा दे दिया है। राष्ट्रपति ने इन दोनों मंत्रियों के इस्तीफ स्वीकार भी कर लिया है। ये इस्तीफे 7 दिसंबर रात को दिए गए और उससे एक दिन पहले 6 दिसंबर को दोनों मंत्रियों ने अपनी-अपनी सांसदी के पद से भी इस्तीफा दे दिया था। लोकसभा अध्यक्ष से मिलकर दोनों ने सांसदी के पद से इस्तीफा दिया था।

नरेंद्र सिंह तोमर और प्रहलाद पटेल दोनों को भारतीय जनता पार्टी ने मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ाया था। प्रहलाद पटेल नरसिंहपुर विधानसभा सीट से वहीं नरेंद्र सिंह तोमर दिमनी विधानसभा सीट से चुनाव जीते हैं। भाजपा दोनों को मध्यप्रदेश में वापस कर उन्हें किसी बड़ी जिम्मेदारी को देने की तैयारी कर रही है।
प्रहलाद पटेल के फूड प्रोसेसिंग मंत्रालय की जिम्मेदारी केंद्रीय राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे को और जलशक्ति मंत्रालय की जिम्मेदारी केंद्रीय आईटी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर को अतिरिक्त प्रभार के तौर पर वहीं नरेंद्र सिंह तोमर के कृषि मंत्रालय की जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा को सौंप दी गई है।
मध्यप्रदेश में अगला सीएम कौन बनेगा, इसे लेकर दिल्ली में बैठकों का दौर लगातार जारी है। लगातार तीसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ गृहमंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मुलाकतें और बैठकें हुई हैं। यह तय हुआ है कि 8 दिसंबर को मुख्यमंत्री का चेहरा तय करने के लिए ऑब्जर्वर नियुक्त कर दिए जाएंगे और वे भोपाल पहुंचकर सभी निर्वाचित विधायकों से रायशुमारी करेंगे और मुख्यमंत्री उम्मीदवारी को लेकर तयशुदा नामों का एक पैनल तैयार करेंगे।
इसके बाद भारतीय जनता पार्टी आलाकमान को रायशुमारी की इस रिपोर्ट से अवगत कराया जाएगा और फिर भाजपा आलाकमान किसी एक को मुख्यमंत्री बनाने का निर्णय लेगा,जिसके बाद एक बार फिर भोपाल में बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें मुख्यमंत्री के नाम का औपचारिक ऐलान कर दिया जाएगा।
प्रहलाद पटेल और नरेंद्र सिंह तोमर से इस्तीफें कराकर भारतीय जनता पार्टी दोनों नेताओं को क्या जिम्मेदारी देना चाहती है। इसे लेकर मध्यप्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री उम्मीदवार के तौर पर वर्तमान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, गोपाल भार्गव, वीडी शर्मा सहित आधा दर्जन नाम पहले से ही दौड़ में चल रहे हैं। ऐसे में नरेंद्र सिंह तोमर और प्रहलाद पटेल के नाम भी इस दौड़ में बने हुए हैं। सवाल पूछे जा रहे हैं कि क्या नरेंद्र सिंह तोमर या प्रहलाद पटेल में से किसी एक को पार्टी मुख्यमंत्री बना सकती है। फिलहाल इसे लेकर भाजपा ने कुछ भी स्पष्ट नहीं किया है। लेकिन कैलाश विजयवर्गीय का कहना है कि 10 दिसंबर रविवार तक मुख्यमंत्री के नाम का घोषणा हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications