MP: खजुराहो के युवा का कमाल, बगैर हेलमेट पहने स्टार्ट नहीं होगी बाइक, सेंसर डिवाइस से जोड़ा
सागर, 11 सितम्बर। मप्र के छतरपुर जिले के खजुराहो में रहने वाले 19 साल के सुनील अहिरवार नाम के युवक ने कमाल कर दिया है। उसने अपनी बाइक के इंजन और हेलमेट में सेंसर डिवाइस लगाई हैं। इन दोनों को इलेक्ट्रानिक्स डिवाइस के माध्यम से कनेक्ट कर दिया हैं। सबसे खास बात है कि बाइक चलाने के लिए यह हेलमेट लगाना आवश्यक है। जब तक बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाएगा बाइक का इंजन स्टार्ट नहीं किया जा सकेगा। जैसे ही हेलमेट को सिर से निकालकर अलग करेंगे, बाइक का इंजन स्वतः बंद हो जाएगा। सुनील का यह तरीका बढ़ती दुर्घटनाओं में बाइक सवार की जान बचाने में काफी सहायक होगा।

बगैर हेलमेट लगाए यह बाइक स्टार्ट नहीं होगी
छतरपुर जिले खजुराहो में रहने वाले 19 साल के एक युवक ने हेलमेट और बाइक को इंजन को डिवाइस लगाकर जोड़ दिया है। बगैर हेलमेट लगाए यह बाइक स्टार्ट नहीं हो सकेगी। जब तक बाइक चलाएंगे हेलमेट लगाना अनिवार्य रहेगा। हेलमेट उतारते ही बाइक का इंजन भी बंद हो जाएगा। युवक को उसके भाई के एक्सीडेंट के बाद यह ख्याल आया था। युवक 10 क्लास तक पढ़ा है और आईसीआई पास है।

सेंसर डिवाइस से इंजन व हेलमेट को जोड़ा गया है
छतरपुर जिले के खजुराहो के बसारी में रहने वाले सुनील अहिरवार ने बताया कि उसने अपनी मोटर साइकल के इंजन में एक सेंसर डिवाइस लगाई है। ऐसा ही सेंसर उसने अपने हेलमेट में लगाया है। इन दोनों को एक साथ अटेच किया गया है। इन इलेक्ट्रानिक्स डिवाइस व सेंसर के माध्यम से बाइक और हेलमेट एक-दूसरे के बगैर आगे नहीं बढ़ सकते हैं। सुनील के दावे के अनुसार उसकी बाइक में आप चाबी लगाकर कितना ही सेल्फ लगाएं, किक लगाएं लेकिन बाइक स्टार्ट नहीं हो सकेगी। इसके लिए आपको डिवाइस सेंसर से जुड़ा हेलमेट पहनना होगा। जैसे ही हेलमेट सिर पर पहना जाता है, उसका सेंसर अपने आप काम करने लगता है। अब आप आसानी से बाइक स्टार्ट कर सकेंगें। जैसे ही हेलमेट सिर से उतारा जाएगा, बाइक का इंजन अपने आप बंद हो जाएगा। सुनील की बाइक और हेलमेट में सेंसर लगाने की कुल कीमत महज 1 हजार रुपए आई है। सुनील के अनुसार यह सेंसर बाइक पर बैठने के बाद ही काम करेगा। यदि हेलमेट पहनकर बाइक से दूर खडे़ होंगे तब भी बाइक का इंजन स्टार्ट नहीं हो सकेगा।

भाई के एक्सीडेंट के बाद तय किया कुछ ऐसा करें कि दुर्घटना से बचाव हो सके
सुनील अहिरवार ने बताया कि उसका भाई कुछ समय पहले मोटर साइकल से सागर जा रहा था। उससे कहा था कि हेलमेट पहनकर जाओ, लेकिन वह नहीं माना और बगैर हेलमेट के बाइक लेकर निकल गया था। रास्ते में उसका एक्सीडेंट हो गया और सिर में गंभीर चोट लगी थीं। इसके बाद सुनील ने तय किया कि वह कुछ ऐसा करेगा जिससे हेलमेट लगाए बगैर बाइक स्टार्ट ही न हो सके। यहीं से उसे यह आइडिया आया कि क्यों न सेंसर डिवाइस लगाकर बाइक और हेलमेट को एक-दूसरे से जोड़ा जाए।

10वीं तक पढ़ाई, आईटीआई से डिप्लोमा लिया
बाइक और हेलमेट को एक-दूसरे से सेंसर डिवाइस लगाकर जोड़ने का अनूठा और कमाल का काम करने वाले सुनील अहिवार ने मात्र 10वीं तक की पढ़ाई की है। इसके आगे वह नहीं पढ़़ सका। हालांकि उसने इलेक्ट्रानिक्स से आईटीआई से डिप्लोमा किया है। वह गरीब परिवार से हैं, इसलिए इलेक्ट्रानिक्स की दुकान पर काम करता है। वह कुलर, फ्रिज से लेकर तमाम बिजली के उपकरण सुधरना जातना है। घरों में बिजली की फिटिंग भी वह कर लेता है।

बाइक को चोरों से भी बचाया जा सकेगा
सुनील के अनुसार बाइक के इंजन में यह सेंसर डिवाइस इंजन को खोलकर अंदर की तरफ लगाई गई है। इससे एक और फायदा होगा कि बाइक चोरी होने से बच सकेगी। जब यह स्टार्ट नहीं होगी तो कोई इसे चुराकर नहीं ले जा सकेगा। इंजन से आसानी से सेंसर डिवाइस को नहीं निकाला जा सकता। इसके लिए पूरा इंजन खोलना पडे़गा। यह इतना आसान काम नहीं होता है।












Click it and Unblock the Notifications