बड़ी मेहनत से एमपी को गड्ढे से निकाला, इसे कांग्रेस के चंगुल से बचाना होगा: PM नरेंद्र मोदी
पिछले दो दिनों में मैं मध्यप्रदेश में जहां भी गया हूं, लोगों में उत्साह, उमंग और भावनाओं का प्रवाह दिखाई देता है। हर तरफ से आवाज आती है 'एमपी के मन में है मोदी' और 'मोदी के मन में है एमपी'। साथियो मध्यप्रदेश मेरे दिल में है और मैं 21 वीं सदी में मध्यप्रदेश को विकास की नई ऊचाईयों पर देखना चाहता हूं। आप भी यह चाहते हैं कि मध्यप्रदेश देश के टॉप-10 विकसित राज्यों में अपना झंडा गाड़ दे।
कांग्रेस ने अपने भ्रष्टाचार और भाई भतीजावाद से प्रदेश को बड़े गड्ढे में गिरा दिया था। भाजपा ने बड़ी मेहनत से उसे इस गड्ढे से बाहर निकाला है और इस काम में हमारी तीन-चार पीढ़ियां खप गई हैं। इसलिए हमें अब एमपी को कांग्रेस के चंगुल ने बचाकर रखना होगा। उसे गलत हाथों में नहीं जाने देना है। ये बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को खंडवा जिले के पंधाना विधानसभा के छैगांव माखन मंडल के सीवी रमन यूनिवर्सिटी मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए कही।

मध्यप्रदेश को अपना एटीएम बनाना चाहती है कांग्रेस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आप जानते हैं कांग्रेस यहां सरकार बनाने के लिए क्यों छटपटा रही है? उसे सरकार बनाने की क्या जरूरत पड़ गई है और उसके नेता क्यों पागलों की तरह दौड़ रहे हैं? कांग्रेस का इरादा साफ है। वह एमपी को अपनी पार्टी का एटीएम बनाना चाहती है। लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए पूरे एमपी से ट्रैक्टर भर-भर के लूट करना चाहती है। क्या कांग्रेस को इसके लिए मौका देना है? क्या उन्हें प्रदेश को लूटने की इजाजत देना है?
मोदी ने कहा कि जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तो वह लाखों करोड़ों के घोटाले करके अपना काम चलाती थी। लेकिन बीते 10 सालों से देश की जनता उसे पहचान गई है और जनता हर राज्य से उनका हिसाब चुकता करने में लगी है। इसलिए कांग्रेस पार्टी हर राज्य को बड़े लालच की दृष्टि से देखती है। वो इसी इंतजार में है कि कब मौका मिलेगा और कब माल खाएंगे।
मोदी ने कहा कि जिस राज्य में भी कांग्रेस की सरकार बनीं, वहां धड़ल्ले से लूट चल रही है। आपस में होड़ लगी है कि सीएम ज्यादा लूटेगा या डिप्टी सीएम लूटेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यानी गरीब और मध्यम वर्ग की जेबें साफ करना। कांग्रेस यानी विकास की गाड़ी को परमानेंट ब्रेक लगाना या उसे रिवर्स गियर में डाल देना। इसलिए कांग्रेस से बहुत सावधान रहने की जरूरत है। सत्ता से बाहर रहकर वो सुधरे नहीं है, बल्कि उनकी भूख और ज्यादा तेज हो गई है।

कांग्रेस युवाओं की दुश्मन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ऐसे नौजवान जो पहली बार वोट देने जा रहे हैं, उन्हें बहुत सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कांग्रेस का राज देखा नहीं है। ये नौजवान अगर अपने माता-पिता, बुजुर्गों से पूछेंगे तो उनकी आंखें फटी रह जाएंगी कि उस समय मध्यप्रदेश का क्या हाल था। श्री मोदी ने कहा कि मैं सभी माता-पिता से आग्रह करता हूं कि उन्होंने कांग्रेस के समय में जो मुसीबतें झेली हैं, उनके बारे में अपने बच्चों को बताएं। इससे उन्हें निर्णय करने में बहुत मदद मिलेगी।
मोदी ने कहा कि अन्य लोगों के लिए यह सरकार बनाने का चुनाव हो सकता है। किसी के लिए यह पांच सालों का हिसाब-किताब करने का चुनाव हो सकता है, लेकिन युवाओं के लिए यह भविष्य बनाने का चुनाव है, 25 सालों के लिए भाग्य तय करने का चुनाव है। अगर आपके पांच साल कांग्रेस ने बरबाद कर दिए, तो भविष्य खराब हो जाएगा। श्री मोदी ने कहा कि मुझे नौजवानों को लेकर बहुत चिंता हो रही है, इसलिए आप सभी युवाओं से आग्रह करता हूं कि अपना भविष्य ऐसे हाथों में मत दीजिए, जो बदनामी से भरे हों।
जनता की नहीं, अपने नेताओं के विकास की सोचती रही कांग्रेस
PM मोदी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा अपने नेताओं के विकास की ही सोचती रही है। इसका उदाहरण है खंडवा जिला। देश में लंबे समय तक पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक कांग्रेस का शासन रहा। उसने देश के 100 जिलों को पिछड़े जिलों की सूची में डाल दिया था। इसका मतलब था, इनकी तरफ देखना नहीं है। इन जिलों में से अधिकांश दुर्गम आदिवासी जिले थे। 2014 में आपने हमें सेवा का अवसर दिया। मोदी सबका साथ, सबका विकास के मंत्र पर चलता है, फिर इन जिलों को कैसे अपने हाल पर छोड़ा जा सकता था।
मोदी ने कहा कि हमने अधिकारियों से कहा कि खंडवा पर पिछड़ेपन का बोझ नहीं चलेगा। इसलिए खंडवा को आकांक्षी जिला घोषित किया गया और इसके विकास पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मैं खंडवा समेत उन सभी जिलों की दिल्ली से मॉनीटरिंग करता हूं। मोदी ने कहा कि मेरी इच्छा के अनुरूप अधिकारियों ने जान लगाकर काम किया और आज खंडवा पिछड़ेपन से बाहर आ गया है। आने वाले समय में मैं इसे विकास की नई ऊचाइयों पर पहुंचाकर रहूंगा, ये मेरी गारंटी है।
तेज विकास के लिए डबल इंजन सरकार जरूरी
मोदी ने कहा कि अगले साल लोकसभा के लिए चुनाव होने जा रहे हैं और केंद्र में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनना तय है। उसके बाद मध्यप्रदेश का विकास तेज हो सके, इसके लिए मुझे यहां कोई स्पीड ब्रेकर नहीं चाहिए, विकास पर ब्रेक लगाने वाले नहीं चाहिए, रिवर्स गियर लगाकर बैठे हुए लोग नहीं चाहिए। मुझे तेज तर्रार भाजपा की सरकार चाहिए ताकि मैं अपने सपने पूरे कर सकूं।
मोदी ने कहा कि एक इंजन केंद्र सरकार का और दूसरा इंजन राज्य सरकार का मिलकर जब राज्य के विकास को धक्का देते हैं, तभी दोगुनी तेजी से विकास होता है। वरना जहां कांग्रेस की भ्रष्ट सरकार बनती है वहां क्या हाल होते हैं, सभी ने देखा है। जहां भी कांग्रेस को मौका मिला है, उसने बर्बाद करके रख दिया है।












Click it and Unblock the Notifications