हनुमान चालीसा पाठ में सीएम मोहन यादव ने लिया हिस्सा, कहा- कई पुण्य जन्मों के बाद आई है ये बहु प्रतीक्षित घड़ी
Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव शनिवार 20 जनवरी को हेमू कालानी स्टेडियम पहुंचे। यहां सीएम यादव ने अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले 11,000 भक्तों के साथ हनुमान चालीसा के पाठ कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
साथ ही, सीएम यादव ने कहा कि हम सभी परम सौभाग्यशाली हैं। परमात्मा की कृपा से, कई जन्मों के पुण्य के बाद अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा की बहु प्रतीक्षित घड़ी आ गई है। अब केवल 48 घंटे बाकी हैं। यह भारत के सुशासन और रामराज्य के प्राकट्य का पहला चरण है।

इतना ही नहीं, सीएम यादव ने मंच से बोलते हुए आगे कहा कि आने वाली 22 जनवरी को सुशासन और रामराज का नया इतिहास बनेगा। नये दौर का नया भारत बनेगा। इस दौरान उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के अनन्य भक्त पवन पुत्र हनुमान को आधार बनाकर आज के इस कार्यक्रम में श्री हनुमान चालीसा का पाठ प्रशंसनीय है। इस भव्य आयोजन के लिए आप सभी को बधाई।
सीएम यादव ने कहा कि देश विभाजन से राष्ट्र खंडित हो गया था, फिर अखंड भारत की दिशा में कार्य हो सकता है। ईश्वर ने चाहा तो देश में फिर पंजाब-सिंध और अफगानिस्तान भी शामिल होंगे। ननकाना साहिब हमारे यहां होगा। हनुमान चालीसा से भक्ति और शक्ति का मार्ग प्रशस्त होता है।
सीएम यादव ने भक्तों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर भगवान राम के अनन्य भक्त हनुमान जी को आधार बनाकर आज के इस कार्यक्रम में हनुमान चालीसा का पाठ प्रशंसनीय है। काल के प्रवाह में आरोह-अवरोह होता है। समय अनुकूल नहीं था तब आतताईयों ने गलत निगाह डाली थी।
अयोध्या में सम्राट विक्रमादित्य के बनवाए श्री राम मंदिर में फिर से प्राण प्रतिष्ठा हो रही है। वर्ष 1992 से चल रहे संघर्ष के बाद शुभ घड़ी आई है। पीएम मोदी के नेतृत्व में देश में रामराज की स्थापना के लिए कार्य हो रहा है। हम सभी के लिए भगवान श्रीराम आराध्य हैं। अयोध्या में मंदिर का बनना अखंड भारत की दिशा में एक बड़ा कदम है। भारतवासी आज समृद्धशाली अतीत को याद कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications