जल संरचनाओं के संरक्षण के लिए 5 जून से चलेगा अभियान: CM मोहन यादव
MP News: 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस से 15 जून तक मध्य प्रदेश के सभी नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित जल संरचनाओं के पुनर्जीवीकरण और संरक्षण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस बारे में खुद प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नदी, तालाब, कुंए, बावड़ी को उपयोगी बनाए रखने और उनके संरक्षण के लिए इस अभियान में आप सभी अवश्य सहभागी बनें।
सीएम मोहन यादव ने घोषणा की कि नदियों और तालाबों से निकाली गई गाद और मिट्टी का उपयोग किसानों के लिए खाद के रूप में किया जाएगा। जिला प्रशासन जल संरचनाओं पर अतिक्रमण हटाकर इन क्षेत्रों को सार्वजनिक उपयोग के लिए संरक्षित करेगा। शुरुआत में यह अभियान 5 जून से 15 जून तक चलेगा, जिसे आगे भी बढ़ाया जा सकता है।

सीएम यादव ने कहा कि आशा है कि इस वर्ष पर्यावरण दिवस से गंगा दशमी तक सबकी सहभगिता के साथ पेयजल स्रोतों के संरक्षण के लिए प्रभावी काम होंगे। इतना ही नहीं, मोबाइल ऐप के ज़रिए जल संरचनाओं की जियो-टैगिंग के लिए जीआईएस तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा।
पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग ग्रामीण क्षेत्रों की देखरेख करेगा, जबकि शहरी विकास और आवास विभाग शहरी क्षेत्रों का प्रबंधन करेगा। यह अभियान नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत आता है। वहीं, गंदे पानी को उपचारित करके जल स्रोतों में छोड़ने के प्रयास किए जाएंगे। सामाजिक संगठन जल संरचनाओं के आसपास सफाई रखेंगे, पेड़ लगाएंगे और अतिक्रमण रोकने के लिए बफर जोन बनाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications