गड़बड़ वाले बयान पर कमलनाथ ने कहा- माफी मांगे, CM मोहन यादव ने यूं दिया जवाब
MP CM Mohan Yadav: कांग्रेस नेता और पूर्व सीएम कमलनाथ की आलोचना करते हुए छिंदवाड़ा में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 27 मार्च को बयान दिया था। सीएम यादव ने कहा था कि ये कांग्रेस का गढ़ नहीं है, बल्कि यहां सब गड़बड़ है। सीएम यादव के इस बयान पर पूर्व सीएम कमलनाथ की प्रतिक्रिया सामने आई। जिसमें उन्होंने इसे छिंदवाड़ा वासियों का अपमान बताते हुए जनता से माफ़ी मांगने के लिए कहा।
कमलनाथ के बयान पर प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पलटवार करते हुए जवाब दिया है। सीएम यादव ने अपने ऑफिशियल 'X' हैंडल पर लिखा, 'माननीय कमलनाथ जी, छिंदवाड़ा में हुई परिवारवाद की गड़बड़ जगजाहिर है। यहां कभी आदिवासी समाज के किसी व्यक्ति को अवसर नहीं मिला। 40 वर्षों में छिंदवाड़ा की माताओं-बहनों की लीडरशिप को आगे आने का अवसर नहीं मिला।'

इतना ही नहीं, सीएम यादव ने आगे लिखा कि 1996 में एक बार अवसर आया तो श्रीमती नाथ को ही टिकट मिला। आपके विधायक चुने जाने के बाद सांसद की रिक्त सीट पर आपने अपने पुत्र नकुलनाथ को अवसर दिया। छिंदवाड़ा के नौजवानों, किसानों और मजदूरों के हितों पर फिर कुठाराघात हुआ।
छिंदवाड़ा के आमजन जानते है कि माफ़ी किसे मांगना चाहिए। माफ़ी उन्हें मांगना चाहिए, जिन्होंने छिंदवाड़ा के लोगों के अधिकारों का हनन किया। छिंदवाड़ा की अस्मिता के संरक्षण के लिए भाजपा ने छिंदवाड़ा के बेटे विवेक बंटी साहू को मौका दिया है। जनता इस बार निश्चित रूप से न्याय करेगी।
इतना ही नहीं, सीएम यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि 2019 में प्रदेश की 1 मात्र सीट छूट गई थी, इस बार देश में 400 पार और मध्य प्रदेश की 29 की 29 सीटें भाजपा जीतेगी। सीएम यादव ने कहा कि इस बार प्रदेश से कांग्रेस को हमें 9-2-11 करना है।












Click it and Unblock the Notifications