कासगंज हादसे पर MP CM मोहन यादव ने जताया दुख, कहा- घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की करता हूं प्रार्थना
MP News: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में शनिवार 24 फरवरी को दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें अभी तक 24 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दुख जताया है। सीएम यादव ने कहा कि मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।
सीएम मोहन यागव ने अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल पर लिखा, 'उत्तर प्रदेश के जनपद कासगंज में ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से हुई दुर्घटना में श्रद्धालुओं के निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। भगवान महाकाल से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा घायलों के शीघ्र पूर्णतः स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।'

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एटा जिले के नगला कसा के रहने करीब 52 लोग ट्रैक्टर ट्रोली में सवार होकर पूर्णिमा स्नान करने के लिए जा रहे थे। तभी कासगंज जिले के पटियाली थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर ट्रोली का नियंत्रण बिगड़ने से ट्रॉली तालाब में गिर गई। जैसे ही हादसे की जानकारी पुलिस को हुई तो तत्काल पुलिस टीमें मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से लोगों को तालाब से निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया। ऐसा बताया जा रहा है कि इस हादसे में करीब 14 से 15 लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं, अस्पताल में इलाज के दौरान गंभीर रुप से घायल हुए 9 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे के बाद मृतकों के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
कासगंज डीएम DM सुधा वर्मा ने बताया कि शासन ने निर्णय लिया है कि मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे। जांच अभी भी जारी है।












Click it and Unblock the Notifications