मंडलेश्वर-महेश्वर में CM मोहन यादव ने किया रोड शो, कांग्रेस को यूं लिया आड़े हाथों
MP News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव शुक्रवार 10 मई को खरगोन पहुंचे। यहां मंडलेश्वर व महेश्वर में रोड शो करते हुए सीएम यादव ने कांग्रेस पार्टी को आड़े हाथों लिया। सीएम यादव ने कहा कि खेतों से जैसे गाजर घास गायब हो रही है...वैसे ही कांग्रेस पार्टी भी देश से गायब हो रही है।
सीएम मोहन यादव शुक्रवार दोपहर मंडलेश्वर के चोली रोड तालाब के पास बने हेलीपेड पर उतरे। यहां से वो बड़वाह रोड स्थित अंबेडकर प्रतिमा स्थल पहुंचे और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान सीएम यादव भेंट किए हुए त्रिशूल को हाथ में पकड़कर रथ पर सवार हुए।

इस दौरान सड़क के दोनों किनारों पर खड़े लोगों ने ताली बजाकर, पुष्पवर्षा कर उनका अभिवादन किया। सीएम यादव का रोड शो राम मंदिर के सामने से घंटाघर चौक, एमजी रोड होकर बस स्टैंड पर समाप्त हुआ। आपको बता दें कि सीएम मोहन यादव ने इस दौरान बीजेपी के प्रचंड बहुमत से विजयी होने की बात कही।
सीएम यादव ने कहा कि प्रदेश में मोदी मय माहौल बनना हुआ। सीएम यादव ने कहा कि केंद्र में पुनः मोदी सरकार बनाने के लिए हम गली-गली, मोहल्ले-मोहल्ले घूम कर भाजपा को जिताने का काम कर रहे हैं। मुझे रिजल्ट स्पष्ट दिखाई दे रहा है। हम एक बार फिर नया रिकॉर्ड बनाने में कामयाब होंगे।
सीएम यादव ने कहा कि अंतिम चरण की सभी सीटों पर भी हम ही जीतेंगे। अबकी बार प्रदेश की सभी 29 की 29 सीट पर कमल खिलाएंगे। सीएम यादव ने इस अवसर पर महेश्वर क्षेत्र के 10 सरपंच एवं कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ताओं को भाजपा में शामिल किया। उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए लगभग 100 से अधिक कार्यकर्ताओं को भाजपा का गमछा पहनाकर स्वागत किया।












Click it and Unblock the Notifications