MP Weather: एमपी में मॉनसून का यू-टर्न! इंदौर सहित कई जिलों में बारिश, अगले तीन दिन तेज वर्षा का अलर्ट
MP ka Mausam: मध्य प्रदेश से मानसून के विदाई के बाद भी प्रदेश में बारिश का मौसम बना हुआ है। इंदौर और कई अन्य जिलों में काले बादलों की आवाजाही और बारिश हो रही है।
तापमान में गिरावट आई है, जिससे मौसम ठंडा हो गया है। आज भी इंदौर समेत 27 जिलों में बारिश हो सकती है। अगले 3 दिन तक प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक के आसार हैं।

आज रविवारको उज्जैन में सुबह बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के 46 जिलों से मानसून लौट चुका है लेकिन 2 सिस्टम फिर से एक्टिव हो गए हैं। अक्टूबर में जब भी दशहरा पड़ता है, तब बारिश के आसार बनते हैं। भोपाल में दशहरा पर 10 साल में 5 बार बारिश हो चुकी है। हालांकि, इस बार सिर्फ हल्की बूंदाबांदी ही हुई।
दो साल पहले इतनी बारिश हुई थी कि पेट्रोल डालकर रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतले जलाने पड़े थे। इस साल सिवनी-मालवा में रावण दहन ही स्थगित करना पड़ा। इंदौर के छावनी मैदान में भी कीचड़ होने से आज रावण दहन किया जाएगा।
मौसम विभाग के मुताबिक अरब सागर में लो प्रेशर एरिया के साथ मानसून ट्रफ की एक्टिविटी है। इस वजह से दक्षिण-पश्चिमी हवाएं नर्मदापुरम, जबलपुर, शहडोल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर संभाग में नमी ला रही हैं। 15 अक्टूबर तक ऐसा ही मौसम रहेगा।
मौसम विभाग ने अगले 3 दिन 13, 14 और 15 अक्टूबर तक प्रदेश में गरज-चमक और हल्की बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। इसके बाद मध्यप्रदेश से मानसून की पूरी तरह विदाई हो जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications