हर ग्राम पंचायत में खोली जायेंगी राशन की दुकाने, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा
Madhya Pradesh News: आम जनता की सुविधा के लिए मध्य प्रदेश के हर ग्राम पंचायत में राशन दुकानें खोली जायेंगी। यह बात खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत ने खाद्य विभाग, नागरिक आपूर्ति निगम, मध्यप्रदेश वेयर हाउसिंग कॉर्पोरेशन एवं नाप-तौल विभाग के अधिकारियों के साथ विभाग की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि जिन 311 पंचायतों में राशन की दुकानें अभी संचालित नहीं है, उन ग्राम पंचायतों में उन्होंने अधिकारियों को राशन दुकान अतिशीघ्र खोलने के निर्देश दिये। मंत्री राजपूत ने प्रतिमाह वितरित होने वाला राशन समय-सीमा में पहुंचाने एवं मानक गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

मंत्री राजपूत ने गेहूं उपार्जन से जुड़े सभी कार्य समय पर पूरा करने एवं उपार्जन नीति जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपार्जन कार्य के दौरान गेहूं की गुणवत्ता अच्छी हो सके, इसके लिये सभी समितियों एवं खरीदी केन्द्रों पर पंखा झरना इत्यादि आवश्यक व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से रखी जायें।
निलंबित राशन की दुकान के स्थान पर ही होगा अटैच दुकान का संचालन
मंत्री राजपूत ने निर्देश दिए कि किसी कारण से राशन दुकान को निलंबित करने की स्थिति में इस राशन दुकान को समीप स्थित राशन दुकान से अटैच किया जाता है, तो आम लोगों को असुविधा से बचाने के लिए अटैच राशन की दुकान का संचालन निलंबित राशन की दुकान पर ही अस्थाई रूप से करने के आदेश जारी करें।












Click it and Unblock the Notifications