MP में कुत्ते के बच्चे साथ क्रूरता, एक्शन में आए 'मामा', सिंधिया ने की थी बड़ी मांग
गुना से एक कुत्ते के बच्चे के साथ क्रूरता का वीडियो सामने आया था। जिसमें शिवराज सिंह को टैग करते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने न्याय की गुहार लगाई थी। वीडियो पर एक्शन लेते हुए शिवराज सिंह ने कार्रवाई के निर्देश दिए थे। कुत्ते के बच्चे के साथ बर्बरता करते दिख रहे शख्स को हिरासत में ले लिया गया है। इस बात की जानकारी खुद शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट के माध्यम से दी।
शिवराज सिंह चौहान ने एक्स (पहले ट्वीटर) पर लिखा, "गुना जिले से सामने आई पशु क्रूरता की घटना हृदय विदारक है। मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। बर्बरता के ऐसे सभी कृत्य अक्षम्य हैं, इस अपराध के लिए आरोपी पर कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी।"

मध्य प्रदेश के एक पत्रकार ने इस वायरल वीडियो को ट्वीट कर शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से इस मामले पर संज्ञान लेने की बात कही थी। जिसके बाद केंद्रीय मंत्री ने शिवराज सिंह चौहान से इस मामले में न्याय की गुहार लगाई। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए वीडियो में दिख रहे शख्स को मध्य प्रदेश पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
बेरहमी से ली कुत्ते के बच्चे की जान
वायरल वीडियो गुना जिले से सामने आया था। वीडियो में एक शख्स एक दूकान के आगे बैठा नजर आ रहा है। मार्केट बंद होने की वजह से आस पास कोई व्यक्ति नहीं है। तभी कुत्ते के छोटे-छोटे कुछ बच्चे उस आदमी के पास आते हैं। एक बच्चा उसे सूंघता है और बगल में पूंछ हिलाता खड़ा हो जाता है। इस चीज से वो व्यक्ति इतना नाराज होता है कि कुत्ते के बच्चे को उठा कर सड़क पर पटक देता है। इतना ही नहीं, उसके बाद वो व्यक्ति कुत्ते के बच्चे के पास वापस जाता है और उसे पैरों से बेरहमी से कुचल-कुचल कर मार डालता है। कुत्ते के बच्चे के साथ इस तरह की क्रूरता सभी का दिल दहला देती है। वीडियो के वायरल होने के बाद से ही लोग लगातार वीडियो में दिख रहे आदमी के लिए सजा की मांग कर रहे थे।
थैंक यू 'मामा'
वायरल वीडियो में दिख रहे व्यक्ति को हिरासत में लेते नेटिजन्स के बीच खुशी की लहर है। शिवराज सिंह चौहान ने जैसे ही शख्स के हिरासत में होने की खबर दी लोग कमेंट्स में प्यार बरसाने लग गए। शिवराज सिंह, जिन्हें मध्य प्रदेश में लोग प्यार से 'मामा' कह कर बुलाते हैं, सभी उन्हें त्वरित कार्रवाई के लिए शुक्रिया कह रहे हैं। लोग थैंक यू 'मामा' लिख कर उनका आभार जता रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications