गुना में कुत्ते के बच्चे के साथ क्रूरता, सिंधिया ने की न्याय की मांग, जानिए क्या था शिवराज का रिएक्शन
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शिवराज सिंह चौहान को टैग करते हुए एक ट्वीट किया है। इस ट्वीट में एक वीडियो अटैच है जिसे सोशल मीडिया साइट एक्स (पहले ट्विटर) पर शेयर किया गया था। वीडियो में एक व्यक्ति एक छोटे से कुत्ते के बच्चे के साथ बर्बरता करता दिख रहा है।
कुत्ते के छोटे-छोटे बच्चे एक व्यक्ति के पास आते हैं। एक कुत्ते का बच्चा उस व्यक्ति को सूंघता है और उसके पास ही पूंछ हिलाता खड़ा हो जाता है। कुत्ते के बच्चे के इस व्यवहार से वो व्यक्ति इतना चिढ़ता है कि उसे उठा कर जोर से सड़क पर पटक देता है। इतने से भी उसका मन नहीं भरता। वो आदमी अपनी जगह से उठता है और कुत्ते के बच्चे के पास जा कर उसे पैरों से रौंदते हुए बहुत ही बेरहमी से मार डालता है। ये सब देख रहे कुत्ते के बाकी बच्चे डरे सहमे कोने में खड़े रहते हैं।

मामला मध्य प्रदेश के गुना की है। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई जो अब सोशल मीडिया पर शेयर की जा रही है। इस वीडियो में शिवराज सिंह चौहान को टैग करते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने लिखा, "यह भयावह और परेशान करने वाला है। इसमें कोई संदेह नहीं है कि इस बर्बरता के लिए उस व्यक्ति को दंडित किया जाना चाहिए।"
ट्वीट का रिप्लाई करते हुए शिवराज सिंह ने सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने लिखा, "इस भयावह घटना से बेहद परेशान हूं। न्याय सुनिश्चित करने के लिए त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाएगी। हम बर्बरता के ऐसे कृत्यों की स्पष्ट रूप से निंदा करते हैं और इसके लिए जिम्मेदार व्यक्ति को परिणाम भुगतने होंगे।"
शिवराज सिंह चौहान के ट्वीट के नीचे लोगों की कई तरह की प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग थैंक यू "मामा जी" के ट्वीट कर रह हैं तो वहीं कुछ लोग कुत्ते के बच्चे के साथ बर्बरता कर रहे व्यक्ति के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications