प्रेमी के साथ जाने पर पंचायत ने शादीशुदा महिला को सुनाई पति को कंधे पर बैठाने की सजा
झाबुआ। मध्य प्रदेश के झाबुआ में शादीशुदा महिला के कथित तौर पर पति को छोड़ प्रेमी के साथ गांव से चले जाने और फिर वापस आने पर उसे स्थानीय पंचायत ने पति को कंधे पर बैठाकर घुमाने की अमानवीय सजा सुनाई। आदिवासी बहुल झाबुआ जिले के खेड़िया में पंचायत के फरमान के बाद महिला को पति को कंधे पर बिठाकर गांव में घुमाना पड़ा और इस दौरान भीड़ उसे चप्पलें मारती रहीं। गांव में जब ये बर्बरता हो रही थी तो कोई सामने नहीं आई और भीड़ महिला पर हंसती रही।

मामले की वीडियो वारयरल होने और मीडिया में आने के बाद पुलिस ने केस दर्ज करते हुए इस मामले में चार लोगों गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, टिटोली पुलिस चौकी के खेड़िया गांव की एक महिला अपने चार बच्चों को छोड़कर पिछले दिनों प्रेमी के साथ चली थी। यह महिला शनिवार को अपने गांव लौटी तो स्थानीय पंचायत कर फैसला लिया कि महिला अपने पूर्व पति को कंधे बिठाकर गांव की गलियों से होते हुए अपने घर तक लेकर जाएगी और इस दौरान लोग उसे जूते-चप्पल मारेंगे।
महिला रोती गिड़गिड़ाती रही लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की। उसकी मदद करने की जगह लोग वीडियो बनाते रहे। मामला मीडिया में आया तो पुलिस ने मामला दर्ज किया। झाबुआ के पुलिस अधीक्षक महेश चंद्र जैन के अनुसार पुलिस को इस घटना की रविवार को सूचना मिली। इस मामले में छह लोगों पर केस दर्ज हुआ। नामजद छह में से चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications