MP : अब संडे को नहीं लगेगा लॉकडाउन, शिवराज सरकार का ऐलान
भोपाल, जून 26: कोरोना के नए मामलों में गिरावट के बाद अब शिवराज सरकार ने मध्य प्रदेश में हर रविवार को लगने वाले लॉकडाउन को समाप्त कर दिया है। सरकार की ओर से अब कोरोना नियंत्रण के बाद रविवार के दिन लगने वाले कोरोना कर्फ्यू को तत्काल प्रभाव से खत्म करने का फैसला किया गया है। सरकार के इस फैसले के बाद अब लोगों को संडे लॉकडाउन से राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को तत्काल प्रभाव से संडे को लगने वाले कोरोना कर्फ्यू को हटाने की घोषणा की। शिवराज सिंह ने मीडियो को जानकारी देते हुए बताया कि मध्य प्रदेश में कोरोना नियंत्रण में है। 35 जिलों में एक भी पॉजिटिव मामला सामने नहीं आया और एक्टिव मामले 1000 से नीचे हैं। पॉजिटिविटी रेट गिरकर 0.06 फीसदी हो गई है। ऐसे में रविवार को कोरोना कर्फ्यू लगाना उचित नहीं है। इसलिए हम इसे तुरंत वापस ले रहे हैं।
इस फैसले के बाद अब राज्य में रविवार को भी दुकानें खोलने की अनुमति मिल जाएगी, लेकिन सरकार ने दुकानों को कोरोना प्रोटोकॉल और गाइडलाइन का पालन करने की सख्त सलाह दी है। हालांकि प्रदेश में संक्रमण को काबू में करने के लिए जारी रात आठ बजे से सुबह छह बजे तक का नाइट कर्फ्यू पहले की तरह लागू रहेगा।
डेल्टा प्लस वैरिएंट ने बढ़ाई चिंता
इस सब के बीच प्रदेश में कोरोना के नए वैरिएंट डेल्टा प्लस ने सरकार की चिंता बढ़ाई हुई है। राज्य में 7 से ज्यादा नए केस सामने आ चुके हैं। वहीं दो लोगों की इस डेल्टा प्लस, वैरिएंट से मौत की पुष्टि भी हुई है। बता दें कि 7 मामलों में से 3 भोपाल, 2 उज्जैन, 1 रायसेन और 1 अशोक नगर जिले से सामने आए हैं।












Click it and Unblock the Notifications