Gold Reserves: देश में गोल्ड का खजाना घटा या बढ़ा? RBI की नई रिपोर्ट ने बंद की अफवाहबाजों की बोलती
RBI Gold Reserves Sales Report: सोशल मीडिया एक खबर ने अचानक हड़कंप मचा दिया कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने देश के विदेशी मुद्रा भंडार को संभालने के लिए भारी मात्रा में सोना बेच दिया है। लेकिन अब इस खबर का पूरा सच सामने आ गया है। वित्त मंत्रालय के आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को इस दावे को पूरी तरह से खारिज करते हुए इसे महज एक अफवाह करार दिया है।
दरअसल, एक रिपोर्ट में यह दावा किया गया था कि रुपये पर बढ़ते दबाव और लगातार महंगे होते जा रहे आयात (इंपोर्ट बिल) के बीच विदेशी मुद्रा भंडार को सुरक्षित रखने के लिए आरबीआई ने 22 मई को समाप्त हुए दो हफ्तों के भीतर लगभग 12 अरब डॉलर का सोना बेच दिया है।

जब यह खबर मीडिया में आई, तो वित्त मंत्रालय के सूत्रों ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई (ANI) से बातचीत में साफ किया कि खुद केंद्रीय बैंक (RBI) ने इस खबर का खंडन किया है और इसमें कोई सच्चाई नहीं है।
RBI की सालाना रिपोर्ट ने खोली पोल
आरबीआई की तरफ से जारी हालिया सालाना रिपोर्ट (Annual Report 2025-26) के आंकड़े इस अफवाह के बिल्कुल उलट कहानी बयां करते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इस फाइनेंशियल ईयर में आरबीआई के पास सोने का भंडार कम होने के बजाय और बढ़ गया है।
31 मार्च 2025 को रिजर्व बैंक के पास 879.58 मीट्रिक टन सोना था, जो 31 मार्च 2026 तक बढ़कर 880.52 मीट्रिक टन हो गया। यानी इस एक साल के दौरान आरबीआई ने अपने खजाने में 0.94 मीट्रिक टन सोना और जोड़ा है, जिससे बड़े पैमाने पर सोना बेचने के दावे पूरी तरह झूठे साबित होते हैं।

सोने की कीमत में भी हुआ भारी इजाफा
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की बढ़ती कीमतों और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में आए उतार-चढ़ाव की वजह से आरबीआई के पास मौजूद सोने की कुल वैल्यू भी काफी बढ़ गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, केवल बैंकिंग विभाग के पास रखे सोने की वैल्यू में पिछले साल के मुकाबले 63.6 फीसदी की जोरदार बढ़त दर्ज की गई है।
भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 691 अरब डॉलर के साथ बेहद मजबूत
इस विवाद के बीच देश की अर्थव्यवस्था के लिए एक और अच्छी खबर है। आरबीआई की रिपोर्ट बताती है कि भारत का विदेशी मुद्रा भंडार (Forex Reserves) बेहद मजबूत स्थिति में है। 31 मार्च 2026 तक यह बढ़कर 691.11 अरब डॉलर पर पहुंच गया है, जो कि इससे पिछले साल 668.33 अरब डॉलर था। वहीं, कुल गोल्ड रिजर्व की वैल्यू भी पिछले साल के 78.18 अरब डॉलर से तेजी से बढ़कर 115.40 अरब डॉलर हो चुकी है। इन आधिकारिक आंकड़ों से यह पूरी तरह साफ है कि 12 अरब डॉलर का सोना बेचने की खबरें महज एक कोरी अफवाह थीं।













Click it and Unblock the Notifications