US Drug Tunnel: मेक्सिको से अमेरिका तक ड्रग माफियाओं ने बना दिया सुरंग, रेल पटरी-लिफ्ट भी मौजूद, देखें Video
US Mexico Drug Tunnel: सोचिए, आप किसी सामान्य दुकान में खरीदारी करने जाएं और वहां जमीन के नीचे ऐसी गुप्त सुरंग मिले जो सीधे दूसरे देश तक जाती हो। अमेरिका में ऐसा ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है। अमेरिकी अधिकारियों ने मेक्सिको से अमेरिका तक बनी 590 मीटर लंबी एक हाई-टेक सुरंग का पता लगाया है।
जांच में पता चला कि इस सुरंग का इस्तेमाल करोड़ों डॉलर की कोकीन अमेरिका पहुंचाने के लिए किया जा रहा था। सुरंग में रेल ट्रैक, बिजली, वेंटिलेशन सिस्टम और हाइड्रोलिक लिफ्ट जैसी सुविधाएं मौजूद थीं। इस खुलासे ने सुरक्षा एजेंसियों को भी चौंका दिया है।

दुकान के नीचे मिला 'कोकीन हाईवे'
अमेरिकी अधिकारियों ने कैलिफोर्निया में एक साधारण दिखने वाली दुकान के नीचे छिपी सुरंग का खुलासा किया है। यह सुरंग मेक्सिको के तिजुआना शहर से शुरू होकर अमेरिका के ओटे मेसा इलाके तक पहुंचती थी। बाहर से देखने पर यह एक सामान्य दुकान लगती थी, लेकिन इसके नीचे ड्रग्स तस्करी का पूरा नेटवर्क चल रहा था। अधिकारियों के अनुसार, सुरंग का इस्तेमाल लंबे समय से कोकीन को अमेरिका पहुंचाने के लिए किया जा रहा था। यही वजह है कि इसे 'कोकीन हाईवे' कहा जा रहा है।
सुरंग में थी रेल लाइन और हाइड्रोलिक लिफ्ट
यह कोई साधारण सुरंग नहीं थी। इसकी लंबाई करीब 590 मीटर और गहराई लगभग 17 मीटर थी। सुरंग के अंदर सामान ले जाने के लिए रेल लाइन बिछाई गई थी। हवा की सप्लाई के लिए वेंटिलेशन सिस्टम लगाया गया था और रोशनी के लिए बिजली की व्यवस्था भी मौजूद थी। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इसमें लोगों और सामान को नीचे ले जाने के लिए हाइड्रोलिक लिफ्ट भी लगी हुई थी। इससे साफ है कि सुरंग को बेहद प्रोफेशनल तरीके से तैयार किया गया था।
ये भी पढे़ं: America Oil reserves: नमक की गुफाओं में क्यों भरा जा रहा है कच्चा तेल? अमेरिका की इस चालाकी का क्या है कारण
ऐसे हुआ पूरे नेटवर्क का खुलासा
होमलैंड सिक्योरिटी और ड्रग्स जांच एजेंसियां कई महीनों से सीमा के पास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थीं। जांच के दौरान अधिकारियों ने 'बाय 4 लेस' नाम की दुकान के आसपास आने-जाने वाले लोगों को ट्रैक किया। जब छापा मारा गया तो सुरंग का राज सामने आ गया। कार्रवाई के दौरान करीब 1,000 किलोग्राम कोकीन भी बरामद की गई। जांचकर्ताओं का मानना है कि ड्रग्स इसी रास्ते अमेरिका लाई जाती थी और फिर ट्रकों के जरिए अलग-अलग जगह भेजी जाती थी।
चार लोगों पर दर्ज हुआ केस
इस मामले में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इनमें दो आरोपी अमेरिका के रहने वाले हैं, जबकि दो मेक्सिको के नागरिक बताए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी पर ड्रग्स तस्करी और अवैध नेटवर्क चलाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए थे। संभावना है कि इसके पीछे एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स गिरोह काम कर रहा था।
ये भी पढ़ें: Iran America War: ईरान से जंग में बर्बाद अमेरिका! महंगाई-बेरोजगारी ने तोड़ा रिकॉर्ड, जाएगी ट्रंप की सत्ता?
1993 से अब तक मिल चुकी हैं 99 सुरंगें
अमेरिकी न्याय विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 1993 से अब तक साउथ कैलिफोर्निया क्षेत्र में 99 गुप्त सुरंगें खोजी जा चुकी हैं। इनमें से 28 सुरंगों को बेहद एडवांस और जटिल माना गया था। अधिकारियों का कहना है कि ड्रग्स तस्कर लगातार नए तरीके अपनाकर सीमा सुरक्षा को चुनौती देने की कोशिश करते हैं। इससे पहले 2022 में भी एक सक्रिय तस्करी सुरंग का पता चला था। हालांकि, हाल ही में पकड़ी गई यह सुरंग अपनी तकनीक और सुविधाओं की वजह से सबसे ज्यादा चर्चा में है।












Click it and Unblock the Notifications