भारत-अमेरिका कृषि सहयोग को नई दिशा देने की पहल, IFFCO अध्यक्ष दिलीप संघाणी के नेतृत्व में अहम संवाद
यूएस-इंडिया बिजनेस काउंसिल द्वारा IFFCO नेतृत्व के साथ आयोजित एक उच्च-स्तरीय वार्ता में टिकाऊ खेती, भूमि स्वास्थ्य और किसानों की समृद्धि पर चर्चा की गई, जो भारत-अमेरिका कृषि सहयोग को मजबूत करने और खाद्य सुरक्षा को बढ़ाने का संकेत देता है।
भारत और अमेरिका के बीच कृषि क्षेत्र में सहयोग को नई मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। वॉशिंगटन डी.सी. स्थित यू.एस.-इंडिया बिजनेस काउंसिल (USIBC) ने इफको अध्यक्ष दिलीप संघाणी के नेतृत्व में पहुंचे PHDCCI प्रतिनिधिमंडल की मेजबानी की। इस उच्चस्तरीय संवाद को भारत-अमेरिका कृषि साझेदारी को सशक्त बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

बैठक के बाद USIBC ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया मंच पर कहा कि दिलीप संघाणी के नेतृत्व में हुई चर्चा ने भारत और अमेरिका के बीच कृषि सहयोग को नई ऊर्जा देने, साझा चुनौतियों के समाधान तलाशने और उभरते अवसरों पर सार्थक विचार-विमर्श का मार्ग प्रशस्त किया है।
बैठक के दौरान नवाचार आधारित कृषि नीतियों, टिकाऊ कृषि विकास, खाद्य एवं पोषण सुरक्षा तथा किसानों की समृद्धि जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। दोनों देशों के कृषि विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं और उद्योग प्रतिनिधियों ने कृषि क्षेत्र में दीर्घकालिक सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया। चर्चा में कृषि उत्पादकता बढ़ाने, आधुनिक तकनीकों के उपयोग, भूमि स्वास्थ्य सुधार, किसानों को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने और नवाचार आधारित कृषि समाधान विकसित करने जैसे विषय प्रमुख रूप से शामिल रहे।
वैश्विक मंच पर बढ़ी भारतीय सहकारिता की पहचान
USIBC द्वारा इस बैठक को सार्वजनिक रूप से प्रमुखता दिए जाने को भारतीय सहकारिता आंदोलन की बढ़ती वैश्विक स्वीकार्यता और इफको की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा का प्रतीक माना जा रहा है। साथ ही, इसे भारतीय किसानों के हितों को वैश्विक मंचों पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने में दिलीप संघाणी के नेतृत्व की महत्वपूर्ण उपलब्धि भी माना जा रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि भारत और अमेरिका के बीच कृषि सहयोग बढ़ने से नई तकनीकों, नवाचारों और निवेश के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा, जिसका सीधा लाभ किसानों को मिलेगा।
किसानों की आय और कृषि सुरक्षा को मिलेगा बल
बैठक में शामिल प्रतिनिधियों ने इस बात पर सहमति जताई कि भारत-अमेरिका कृषि साझेदारी भविष्य में किसानों की आय बढ़ाने, कृषि सुरक्षा मजबूत करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभा सकती है। दिलीप संघाणी के नेतृत्व में आयोजित यह संवाद सहकारिता आधारित कृषि विकास को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने और कृषि क्षेत्र में स्थायी विकास को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications