न्यूजीलैंड के खिलाफ 12 मैचों की मेगा सीरीज खेलेगी टीम इंडिया, सभी मुकाबलों का शेड्यूल घोषित
India Tour of New Zealand: क्रिकेट फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। न्यूजीलैंड क्रिकेट (NZC) ने अपने 2026-27 होम सीजन का ऐलान कर दिया है, जिसमें सबसे ज्यादा चर्चा भारत के ऑल-फॉर्मेट दौरे की हो रही है। टीम इंडिया अक्टूबर-नवंबर 2026 में न्यूजीलैंड का दौरा करेगी, जहां दोनों टीमों के बीच 5 टी20, 5 वनडे और 2 टेस्ट मैच खेले जाएंगे।
खास बात यह है कि 12 मुकाबलों वाली यह सीरीज न्यूजीलैंड क्रिकेट के इतिहास की सबसे बड़ी इंटरनेशनल होम सीरीज होगी। इतने मैचों वाला कोई भी विदेशी दौरा न्यूजीलैंड ने पहले कभी होस्ट नहीं किया है।

2019 के बाद पहली बार न्यूजीलैंड में टेस्ट खेलेगा भारत
भारतीय टीम आखिरी बार 2019 में टेस्ट सीरीज खेलने न्यूजीलैंड गई थी। वहीं सीमित ओवरों की बात करें तो भारत ने 2022 में न्यूजीलैंड का दौरा किया था। ऐसे में करीब चार साल बाद भारतीय टीम एक बार फिर कीवी सरजमीं पर सफेद गेंद क्रिकेट खेलती नजर आएगी, जबकि टेस्ट क्रिकेट की वापसी सात साल बाद होगी।
टी20 सीरीज से होगा दौरे का आगाज
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज 22 अक्टूबर से शुरू होगी। शुरुआती दो मुकाबले क्राइस्टचर्च में खेले जाएंगे, जबकि इसके बाद वेलिंगटन, ऑकलैंड और हैमिल्टन में मैच होंगे।
टी20 सीरीज का पूरा कार्यक्रम
. पहला टी20 - 22 अक्टूबर, क्राइस्टचर्च
. दूसरा टी20 - 24 अक्टूबर, क्राइस्टचर्च
. तीसरा टी20 - 27 अक्टूबर, वेलिंगटन
. चौथा टी20 - 30 अक्टूबर, ऑकलैंड
. पांचवां टी20 - 1 नवंबर, हैमिल्टन
वनडे सीरीज का कार्यक्रम
. पहला वनडे - 4 नवंबर, ऑकलैंड
. दूसरा वनडे - 7 नवंबर, वेलिंगटन
. तीसरा वनडे - 10 नवंबर, हैमिल्टन
. चौथा वनडे - 13 नवंबर, माउंट माउंगनुई
. पांचवां वनडे - 15 नवंबर, माउंट माउंगनुई
टेस्ट सीरीज का कार्यक्रम
. पहला टेस्ट - 19 से 23 नवंबर, वेलिंगटन
. दूसरा टेस्ट - 27 नवंबर से 1 दिसंबर, क्राइस्टचर्च
न्यूजीलैंड दौरे पर भारत के सामने होगी बड़ी चुनौती
न्यूजीलैंड की उछाल और स्विंग वाली पिचें हमेशा से विदेशी टीमों के लिए मुश्किल रही हैं। ऐसे में टी20, वनडे और टेस्ट तीनों फॉर्मेट में भारतीय खिलाड़ियों की असली परीक्षा होने वाली है। खासकर टेस्ट सीरीज में भारतीय बल्लेबाजों और तेज गेंदबाजों के प्रदर्शन पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी। कुल मिलाकर, 12 मैचों की यह मेगा सीरीज 2026 के सबसे बड़े क्रिकेट आयोजनों में से एक साबित हो सकती है, जहां भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीनों फॉर्मेट में जबरदस्त मुकाबले देखने को मिलेंगे।












Click it and Unblock the Notifications