Ladli Behna Yojana: 5 साल में नया जमाना लाएंगी महिला सशक्तिकरण की योजनाएं, रायसेन में बोले सीएम शिवराज सिंह
Ladli Behna Yojana: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि आने वाले 5 सालों में महिला सशक्तिकरण की योजनाएं 'नया जमाना' लाएंगी। रायसेन में आयोजित संवाद के दौरान उन्होंने कई बड़ी घोषणाएं भी की।

Ladli Behna Yojana: मध्य प्रदेश की लाड़ली बहना और किसानों के लिए आने वाले दस दिनों में बेहद ख़ास हैं। 10 जून को जहां लाखों लाड़ली बहना के खातों में पहली किश्त के एक हजार रुपये जमा होंगे। वहीं तीन दिन बाद यानि 13 जून को किसानों को कर्ज के ब्याज से मुक्ति भी मिलेगी।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि लाड़ली बहना योजना सहित महिला सशक्तिकरण की उनकी योजनाओं से अगले 5 वर्ष में अन्याय,अशिक्षा और गरीबी को पछाड़ कर नया जमाना आएगा। मुख्यमंत्री बुधवार को रायसेन जिले के बम्होरी कस्बा गाँव में लाड़ली बहना सम्मेलन में पहुंचे थे।
इस दौरान उन्होंने आवासीय भू-अधिकार पत्र वितरण कार्यक्रम में बहनों और बड़ी संख्या में आए ग्रामीणों से भी संवाद किया। मुख्यमंत्री ने सिलवानी तथा उदयपुरा विधानसभा क्षेत्र की जनता को 328 करोड़ 4 लाख 20 हजार रुपये के विकास कार्यों की सौगात भी दी। कार्यक्रम में 319 करोड़ रूपये से अधिक राशि के विभिन्न कार्यों का शिलान्यास तथा भूमि-पूजन और 8 करोड़ 45 लाख रुपये से अधिक राशि के विभिन्न कार्यो का लोकार्पण भी हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान भी खुश हो जाए,अगले सप्ताह 13 जून को वे किसानों के सिर पर चढ़ा 2100 करोड़ का ब्याज भर देंगे, किसानों के खातों में फसल बीमा के 2900 करोड़ के अलावा दो-दो हजार रुपए की किसान सम्मान निधि भी डाली जाएगी।
मुख्यमंत्री चौहान ने बम्होरी कस्बा और सुल्तानगंज को तहसील बनाने और उदयपुरा के लिए एस डी एम आफिस बनाने की घोषणा की। उन्होंने बम्होरी काबा को नगर परिषद बनाए जाने के साथ ही 30 बिस्तर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने सिलवानी और बेगमगंज के कॉलेज को अगले सत्र से स्नातकोत्तर करने की भी घोषणा की। उन्होंने बहनों को लाड़ली बहना योजना के स्वीकृति पत्र के अलावा,आवासीय भू अधिकार पत्र और आजीविका मिशन को राशि के स्वीकृति-पत्र भी वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने हर गाँव में लाड़ली बहना सेना का तत्काल गठन किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि ये सेनाएँ सरकार की आँखें होंगी, जो विकास और हितग्राहीमूलक योजनाओं की निगरानी कर उन्हें लागू करवाएगी। छोटे गाँव में 11 और बड़े गाँव में 21 बहनों की सेना होगी।












Click it and Unblock the Notifications