MP News: इस दिन 9.80 करोड़ किसानों के खाते में आएंगे 22,000 करोड़ रुपए, इन किसानों की अटक सकती है किस्त
Kisan Samman Nidhi MP News: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) की 19वीं किस्त का इंतजार अब समाप्त होने वाला है। इस योजना की 19वीं किस्त 24 फरवरी 2025 को जारी की जाएगी, जिससे देशभर के किसानों को बड़ी राहत मिलने वाली है।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह जानकारी दी और बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार के भागलपुर से इस किस्त का वितरण करेंगे।

किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त का वितरण
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के अनुसार, 24 फरवरी को भागलपुर में एक बड़ा देशव्यापी किसान सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त की घोषणा करेंगे, जिसमें कुल 22,000 करोड़ रुपए से अधिक की राशि किसानों के बैंक खातों में सीधे भेजी जाएगी।
9.80 करोड़ किसानों को मिलेगा लाभ
यह राशि लगभग 9.80 करोड़ किसानों को मिलेगी, जो इस योजना का लाभ उठा रहे हैं। इस प्रकार, किसान सम्मान निधि के अंतर्गत किसानों को सालाना 6,000 रुपए की राशि तीन किश्तों में दी जाती है, जिससे उनका आर्थिक बोझ कुछ हल्का होता है।
पिछली किस्त में क्या हुआ था?
किसान सम्मान योजना की पिछली यानी 18वीं किस्त में 20,665 करोड़ रुपए की राशि किसानों को दी गई थी। हर वर्ष करोड़ों किसान इस योजना के तहत 6,000 रुपए का लाभ प्राप्त करते हैं, जो उनकी खेती-बाड़ी की लागत को कवर करने और आर्थिक स्थिति को सुधारने में मदद करता है।
इन किसानों की अटक सकती है किस्त:
भू-सत्यापन न कराए किसान: इस बार 9.7 करोड़ किसानों को 19वीं किस्त का लाभ मिलेगा, लेकिन जिन किसानों ने भू-सत्यापन का काम नहीं करवाया है या जिनका भू-सत्यापन अधूरा है, उनकी किस्त अटक सकती है। यह सत्यापन किसानों के भूमि के विवरण की जांच के लिए जरूरी होता है, और अगर यह पूरा नहीं हुआ, तो किसान इस बार किस्त के लाभ से वंचित रह सकते हैं।
ई-केवाईसी न करवाने वाले किसान: दूसरे वे किसान जो ई-केवाईसी नहीं करवाए हैं, वे भी किस्त के लाभ से वंचित रह जाएंगे। विभाग ने पहले ही यह स्पष्ट किया था कि किस्त का लाभ पाने के लिए ई-केवाईसी करवाना अनिवार्य है। किसान अपने नजदीकी सीएससी सेंटर से या फिर pmkisan.gov.in वेबसाइट पर जाकर इस प्रक्रिया को पूरा कर सकते हैं। अगर आपने यह काम नहीं किया है, तो आप किस्त के लाभ से बाहर हो सकते हैं।
आधार लिंकिंग न करने वाले किसान: वे किसान जिन्होंने आधार कार्ड को अपने बैंक खाते से लिंक नहीं किया है, उनकी भी किस्त अटक सकती है। किसानों को अपने बैंक की शाखा में जाकर यह काम करना होगा और यह सुनिश्चित करना होगा कि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) का ऑप्शन उनके खाते में सक्रिय है। यदि यह लिंकिंग और डीबीटी ऑप्शन सक्रिय नहीं है, तो भी किस्त का लाभ नहीं मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications