Sagar: झोलाछाप के इलाज से गई महिला की जान, गुस्साए परिजन ने सागर-कानपुर हाईवे जाम कर दिया
एक घंटे बंद रहा सागर-कानपुर हाईवे, गलत इलाज से महिला की मौत से गुस्साए थे
सागर, 3 अक्टूबर। मप्र के सागर जिले में शाहगढ़ कस्बे में एक झोलाछाप डॉक्टर द्वारा महिला का इलाज किया गया। महिला की हालत बिगड़ी तो परिजन उसे सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। झोलाछाप डॉक्टर पर गलत इलाज करने का आरोप और कार्रवाई की मांग को लेकर परिजन व आसपास के इलाके वालों ने सागर-कानपुर हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। करीब आधे घंटे तक लोग हाईवे को बंद कर प्रदर्शन कर नारेबाजी करते रहे। लोगों बीच सड़क पर टायर रखकर उनमें आग लगा दी, ताकि कोई वाहन न निकल सके।

पुलिस से मिली जानकारी अनुसार सागर के शाहगढ़ में सोमवार को इलाज के बाद महिला की मौत होने से गुस्साए परिवार के लोगों ने सागर.कानपुर हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और विरोध कर रहे लोगों को समझाइश देकर शांत कराया। पुलिस के बताए अनुसार शाहगढ़ में अप्रशिक्षित डॉक्टर दिलीप क्लीनिक खोले हैं, यह बंगाली डॉक्टर बताए जा रहे हैं। शाहगढ़ की ही निवासी शारदा गौड़ उम्र 40 साल को बुखार आने पर परिजन डॉ. दिलीप की क्लीनिक पर इलाज कराने के लिए पहुंचे थे। चैकअप के बाद डॉक्टर ने इलाज करते हुए शारदा को इंजेक्शन लगाया और बॉटल चढ़ाई थी। इसके कुछ देर बाद महिला की हालत बिगड़ गई। उसे तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान शारदा ने दम तोड़ दिया।
परिजन व इलाके के लोगों ने गुस्से में हंगामा किया और हाईवे बंद कर दिया
मरीज शारदा की मौत की जानकारी जैसे ही परिजन व आसपास के लोगों को लगी सभी अस्पताल के बाहर इकट्ठे हो गए। लोगों ने यहां हंगामा शुरु कर दिया। वे झोलाछाप डॉक्टर दिलीप को गिरफ्तार करने की मांग करने लगे। जब मौके पर कोई उनकी सुनने नहीं पहुंचा तो सभी ने मिलकर सागर.कानपुर हाईवे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। सूचना पर शाहगढ़ पुलिस और बण्डा पुलिस मौके पर पहुंची और आंदोलन कर रहे लोगो को समझाइश देकर रास्ता खुलवाया।












Click it and Unblock the Notifications