कमल नाथ ने शिवराज को दी खुली चुनौती, बोले-वे 18 साल का हिसाब दें, मैं 15 महीनों का हिसाब दूंगा
बुंदेलखंड के टीकमगढ़ में कांग्रेस नेता व पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने मंच से शिवराज को खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने कहा कि शिवराज केवल घोषणाओं की मशीन हैं। वे झूठ बोलने और भाषण देने की मशीन हैं।


मप्र के बुंदलखंड से कमल नाथ ने हूंकार भरी है। टीकमगढ़ में आयोजित जनसभा के मंच से उन्होंने सीएम शिवराज सिंह चौहान को केवल घोषणावीर, झूठ बोलने वाला और घोषणाओं की मशीन तक बता दिया। कमल नाथ ने कहा कि शिवराज सिंह केवल घोषणाओं की मशीन है, भाषण और झूठ बोलने की मशीन हैं। शिवराज सरकार ने महंगाई दी, बेरोजगारी दी, घर-घर में शराब दी, भ्रष्टाचार दिया, महिलाओं पर अत्याचार, शोषण और किसानों को लाठियां दी। आज प्रदेश में भाजपा नेताओं को खुली छूट है, जो चाहो वह कर लो।
Recommended Video
शिवराज आ जाइए मंच पर, एक तरफ आप, एक तरफ मैं हिसाब दूंगा
कमलनाथ ने मंच से कहा कि शिवराज सिंह जी से कहूंगा कि आ जाइए मंच पर। उस तरफ आप खड़े हो जाएं, इस तरफ मैं खड़ा हो जाता हूं। आप अपने 18 वर्षों का हिसाब जनता को दीजिए, मैं अपने 15 महीने का हिसाब देता हूं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार बनते ही टीकमगढ़ में मेडिकल कॉलेज पहली प्राथमिकता होगी। कर्मचारियों के लिए पेंशन बहाली की बात तो मैं पहले ही कह चुका हूं।
स्वर्गीय अमर सिंह राठौरजी का भाजपा ने अपमान किया है
निवाड़ी जिले की पृथ्वीपुर विधानसभा में जनसभा को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने कहा कि मैं यहां महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय अमर सिंह राठौर को नमन करने और प्रणाम करने के लिए आज पृथ्वीपुर आया हूं। उन्होंने कहा कि मुझे इस बात का दुख है कि जो खेल आयोजन उनके नाम पर 41 साल से चल रहा था, उसे आज भाजपा ने साजिशन होने नहीं दिया। यह केवल स्वर्गीय अमर सिंह राठौर जी का अपमान नहीं यह प्रदेश के सभी महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का अपमान है।












Click it and Unblock the Notifications