'मोहन भैया, आप भी घृणा का घर बनाने में जुट गए...', CM की इस बात पर हैरान हुए जीतू पटवारी
चंदेरी में CM डॉक्टर मोहन यादव के द्वारा दिए गए बयान पर सियासत रफ्तार पकड़ रही है, जहां यादव के दिए बयान पर कांग्रेस निशाना साथ रही है, तो वहीं बीजेपी बचाव कर रही है।
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने CM मोहन यादव के बयान पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा की, ब्रह्मांड का कण-कण प्रभु श्रीराम और श्रीकृष्ण की स्तुति और आराधना करता है! सर्वशक्तिमान का कृपा-प्रसाद ही सृष्टि के अस्तित्व का सुदृढ़ आधार है! यही हमारी आध्यात्मिक अनुभूतियों का भी प्रकाश-स्तंभ है!

मोहन जी,
आपकी सोच समता, सम्मान, समानता की विचारधारा को फिर से चिंता में डाल रही है! विशेष रूप से जन्माष्टमी के उस पावन अवसर पर, जो श्रीकृष्ण के आदर्शों और सिद्धांतों का महत्वपूर्ण दिवस है!
मुख्यमंत्री के रूप में आप यह कैसे भूल सकते हैं कि यशोदा नन्दन ने असत्य से असहमति व्यक्त करते हुए अपने ही मामा कंस का वध कर दिया था! द्रोपदी के सम्मान में समूचा महाभारत रच दिया था!
द्वारकाधीश का शासन न्याय, प्रेम, सहिष्णुता का आदर्श उदाहरण है! जहां निर्बल के हित और अधिकारों की रक्षा की जाती है, वहीं सबल के अहंकार को धूल भी चटाई जाती है!
वहीं आदर्श शासन, जहां महाभारत के जरिए बड़े साम्राज्य को जमीन पर लाया जाता है, वहीं सुदामा के संस्कार को पुरस्कृत कर आसमान की ऊंचाई पर ले जाया जाता है!
मोहन भैया,
हैरानी इस बात की है कि आप भी घृणा का घर बनाने में जुट गए हैं! यही BJP की नफरत की सोच का बड़ा सबूत है! आप मोदी जी के "सबका साथ... सबका विश्वास" जैसे नारे को भी कागजी बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं!
सस्ती लोकप्रियता और हैडलाइन मैनेजमेंट के जरिए आप चंद चापलूसों की वाहवाही तो ले सकते हैं, लेकिन प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में अपने कद, पद, प्रभाव को कितना कम कर रहे हैं, आपको शायद इसका आभास भी नहीं है!
बेहतर होगा गांव, गरीब, किसान, महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को सुनिश्चित करें। झूठे घोषणा-पत्र की सच्चाई को समझने की कोशिश करें! शांति और सद्भावना के हृदय प्रदेश को अब और ज्यादा कलंकित न करें!
आपको जन्माष्टमी की मंगलकामनाएं।
मैं प्रार्थना करूंगा- भगवान श्रीकृष्ण आपको,
सिर्फ सद्बुद्धि ही प्रदान करें!!
ये भी पढ़े- 'भारत में रहना होगा, तो राम-कृष्ण की जय कहना होगा...', CM मोहन यादव ने कही बड़ी बात












Click it and Unblock the Notifications