पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा का विवादित बयान, बोले- बांग्लादेश के बाद भारत का नंबर, PM आवास में घुस जाएगी जनत
Sajjan Singh Verma News: इस समय पूरे देश में बांग्लादेश में हो रहे विद्रोह को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। वहीं मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सज्जन सिंह वर्मा का विवादित बयान सामने आया है। सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि 6 महीने पहले श्रीलंका की जनता प्रधानमंत्री के घर में घुस गई थी, फिर बांग्लादेश में यही हुआ। अब भारत का नंबर है।
सज्जन सिंह वर्मा के भाषण का यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। यह वीडियो मंगलवार का बताया जा रहा है जब इंदौर में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन हो रहा था, इसी दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सज्जन सिंह वर्मा ने यह बात कही थी।

पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने वीडियो में कहा कि "आप दो दिन से टीवी पर देख रहे होंगे कि बांग्लादेश की जनता शेख हसीना की गलत नीतियों के कारण प्रधानमंत्री आवास और राष्ट्रपति भवन में घुस गई है। नरेंद्र मोदी, ध्यान रखिए, जिस जनता ने सड़कों पर हंगामा किया है, एक दिन आपकी गलत नीतियों के कारण वह जनता आपके प्रधानमंत्री आवास में भी घुस सकती है और उसे कब्जा कर सकती है।"
सज्जन सिंह वर्मा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सीएम डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में कहा, "हमारे देश और अन्य स्वतंत्र देशों की लोकतांत्रिक स्थिति पर विचार करें। बांग्लादेश की स्थिति अब सबके सामने है। पाकिस्तान ने 14 अगस्त को स्वतंत्रता प्राप्त की, और उसके पड़ोसी श्रीलंका की स्थिति भी देखी जा सकती है। यह सब इसलिए हो रहा है क्योंकि वहां समाज में चेतना जागरूक करने के लिए राष्ट्रवादी दलों की कमी है।"
बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने ट्वीट किया, "नाम सज्जन, सोच दुर्जन! कांग्रेस के नफरती पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा का कहना है कि नरेंद्र मोदी, एक दिन जनता जो आज सड़कों पर विरोध कर रही है, वह तुम्हारे प्रधानमंत्री निवास में घुसकर उसे कब्जा कर लेगी।"
आशीष अग्रवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता भूल गए हैं कि भारत की 140 करोड़ जनता ने नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाया और मध्यप्रदेश सहित 11 राज्यों में कांग्रेस का सफाया किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'वसुधैव कुटुम्बकम' की अवधारणा पर चलते हैं और नफरत फैलाने वालों को उनकी औकात दिखाना भी जानते हैं। कांग्रेस नेताओं को यह समझ लेना चाहिए कि जिन लोगों को वे भड़काने की कोशिश कर रहे हैं, वही लोग उन्हें चुनाव में हराकर घर भेज चुके हैं क्योंकि उन्हें आपकी मंशा समझ में आ चुकी है और वह कभी पूरी नहीं होने देंगे। यही फर्क है राष्ट्रवादी और राष्ट्रविरोधी लोगों में।
आशीष अग्रवाल ने कहा कि जो व्यक्ति देश के लिए बुरा सोचे, वह देशद्रोही हो सकता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि सज्जन सिंह वर्मा के खिलाफ राष्ट्रद्रोह का मामला दर्ज किया जाए।












Click it and Unblock the Notifications