पन्ना: बीडी शर्मा के लोकसभा क्षेत्र में कुर्सी पर अस्पताल जाती हैं प्रसूूताएं, देखिये दयनीय हालात
सागर, 04 जुलाई। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष व सांसद बीडी शर्मा के लोकसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की हालत दयनीय हैं। गुन्नौर विकासखंड के ददोलपुर गांव में प्रसूताओं को कुर्सी पर बैठाकर, हाथों हाथ उठाकर अस्पताल पहुंचाना पडता है। ताजा मामला सोमवार को सामने आया है, इसमें गांव का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक प्रसूता को गांव के कुछ युवक कुर्सी पर बैठाकर गांव की दलदली सडक और नाला पार करा रहे हैं। प्रसूता के गर्भ में बच्चा फंस गया था, सडक न होने से जननी एक्सप्रेस एक किलोमीटर दूर खडी थी।

पन्ना जिला मुख्यालय के गुन्नौर विकासखंड की ग्राम पंचायत विक्रमपुर के ददोलपुर गांव में प्रसूता सहोद्रा पति प्रताप आदिवासी को दो दिन पहले तेज प्रसव पीडा हो रही थी। गांव की बुजुर्ग महिलाओं ने बताया कि उसके गर्भ में बच्चा फंस गया है, फिर क्या था आनन-फानन में जननी एक्सप्रेस को फोन लगाया गया, कुछ देर बाद वाहन आ भी गया, लेकिन ददोलपुर से एक किलोमीटर दूर विक्रमपुर में रुक गया। गांव तक पहुंचने के लिए रास्ता नहीं थी। मुसीबत में गांव के युवाओं ने हिम्मत जुटाई और एक प्लास्टिक की कुर्सी पर प्रसूता को बैठाकर हाथों-हाथ उठाकर सहोद्रा को पहले कमर तक भरे नाले और बाद में दलदली और कच्ची सडक पर बमुश्किल जननी वाहन तक पहुंचाया।

रविवार को सहोद्रा को प्रसव के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया था। उसने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया था। जब प्रसूता सहोद्रा को घर ले जाना था सो गांव के ही युवक सहारा बने और फिर उसी तरह प्रसूता को कुर्सी पर बैठाकर झंगाझोली कर मशक्कत के बाद घर पहुंचाया गया। सहोद्रा की सास बच्चे को लिए आगे-आगे घर तक पहुंची, सबसे ज्यादा परेशानी नाला पार करने में हुई।
पन्ना से महज 30 किलोमीटर दूर, लेकिन विकास नहीं पहुंचा
दलोलपुर गांव पन्ना जिला मुख्यालय से महज तीस किलोमीटर दूर है। पन्ना से भाजपा विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह कैबिनेट मंत्री हैं, दूसरी तरफ भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष और खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा का यह संसदीय क्षेत्र है। बावजूद इसके गांव तक विकास तो ठीक पक्की सडक नहीं पहुंच पाई।
ददोलपुर में विकास के तमाम दावे ध्वस्त
मप्र के मुखिया शिवराज सिंह चौहान, सांसद व प्रदेशाध्यक्ष बीडी शर्मा सहित पूरी सरकार गांव-गांव को सडक से जोडने, बिजली, पानी उपलब्ध कराने के लिए दावे करती है, लेकिन पन्ना मुख्यालय से महत 30 किलोमीटर दूर ददोलपुर गांव की दुर्दशा और ग्रामीणों की मुसीबत सरकार के खोखले दावों की पोल खोलने के लिए काफी है।












Click it and Unblock the Notifications