सत्संग में गए सैकड़ों लोग बरसाती नाले के बीच फंसे, ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर निकाला
शिवपुरी, 6 सितम्बर। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के सिरसौद में रविवार को सत्संग सुनने गए सैकड़ों लोग बरसाती पानी से उफनते नाले के उस ओर फंस गए, जिन्हें ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर रेस्क्यू किया। ग्रामीणों ने नाले की दूसरी छोर तक रस्सी पहुंचाई। इस दौरान मौके पर न तो पुलिस थी और न ही गोताखोर।

तेज बारिश के बाद नदी नाले उफान पर
दरअसल, रविवार को शिवपुरी जिले में हुई तेज बारिश के बाद नदी नाले एक बार फिर उफान पर आ गए थे। शिवपुरी जिले के पुलिस सिरसौद थाना क्षेत्र के टोंक गांंव के नजदीक में शिव मंदिर के पास स्थित नाला भी रविवार की दोपहर हुई तेज बारिश के बाद उफान पर आ गया।

दोपहर हुई तेज बारिश
ग्रामीण सत्संग सुनने के लिए सुबह जब नाला पार कर गए जब नाले पर पानी नहीं था, लेकिन दोपहर हुई तेज बारिश के बाद सैंकड़ों लोग नाले के उस पार फंस गए। काफी इंतजार के बाद भी जब नाले का उफान कम नहीं हुआ तो सैकड़ों ग्रामीण जान जोखिम मे डालकर नाला पार करते नजर आए।

नाले पर 4-5 फीट तक पानी भरा
सिरसौद के ग्रामीणों ने बताया कि हल्की बारिश से भी नाले में बाढ़ आ जाती है। लोगों के आवागमन का यही एकमात्र रास्ता है, इसलिए लोग जान जोखिम में डालकर भी नाले को पार करते हैं। वीडियो में आप खुद देख सकते हैं कि नाले पर 4-5 फीट तक पानी होने के बाद भी बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं जान जोखिम में डाल रहे थे। जरा सी चूक से कोई भी बड़ा हादसा हो सकता था।












Click it and Unblock the Notifications