Guna Marriage News: विवाह कार्यक्रम में मधुमक्खियों ने मचाया तांडव, 25 लोग घायल, तीन आईसीयू में भर्ती
Guna Marriage News: मध्य प्रदेश के गुना जिले में एक शादी समारोह के दौरान मधुमक्खियों ने मेहमानों पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के हमले में करीब 25 लोग घायल हो गए। मधुमक्खियों ने दुल्हन के पिता प्रमोद अग्रवाल को भी अपना शिकार बना लिया।
मधुमक्खियों के हमले से भगदड़ मच गई। दुल्हन के पिता, भाई सहित कई रिश्तेदारों पर मधुमक्खियों ने हमला बोला। इसमें 6 बच्चे, 10 महिलाओं सहित 25 लोग घायल हो गए हैं। 3 लोगों की हालत गंभीर होने पर प्राइवेट अस्पताल के आईसीयू में इलाज चल रहा है।

जानकारी अनुसार शहर के कस्तूरी गार्डन में अग्रवाल परिवार बेटी की शादी की तैयारी में जुटा था। प्रमोद अग्रवाल के अनुसार शनिवार को वो मैरिज गार्डन आ गए थे। मेहमान, रिश्तेदार सहित सभी लोग एक दिन पहले से यहां रुके हुए थे। इसी जगह ठहरने, खाने-पीने से लेकर सारी व्यवस्थाएं की गई थी।
मगर, मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इससे सब अस्त-व्यस्त हो गया। इस मामले को लेकर गार्डन संचालक ने माफी मांगी है।
उधर, मैरिज गार्डन में मधुमक्खियों के हमले का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें लोग इधर से उधर भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोग जमीन पर लेटकर जान बचाते दिखाई दे रहे हैं। इस मामले को लेकर मैरिज गार्डन संचालक की लापरवाही सामने आ रही है। कहा जा रहा है कि उसने मधुमक्खियों के छत्ते को नहीं हटाया था इस वजह से ये हादसा हुआ है।
वहीं, मेडिसिन विशेषज्ञ डॉक्टर गौरव तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया मधुमक्खी अगर काट ले तो तुरंत इलाज कराना जरूरी है। इसके डंक में फॉर्मिक एसिड होता है। यह दर्दनाक और जलनशील होता है। इसलिए तुरंत उपचार जरूरी है। कई बार लापरवाही की वजह से जान का खतरा हो जाता है।












Click it and Unblock the Notifications