अशोकनगर में बिजली का चालान वसूलने गए कर्मचारियों की झाड़ू से कर दी जमकर पिटाई
अशोकनगर में बिजली का चालान वसूलने गए विद्युत विभाग के कर्मचारियों के झाड़ू से पीटा गया
अशोकनगर, 28 अगस्त। बिजली का चालान वसूलने गए बिजली विभाग के 2 कर्मचारियों के साथ उपभोक्ता ने अपने परिवार के साथ मिलकर जमकर झाड़ुओं से मारपीट कर दी। बीच सड़क पर बिजली कर्मचारियों को जमकर झाड़ियों से पीटा गया। इतना ही नहीं उनका मोबाइल भी छीन लिया गया और मोबाइल तोड़ भी दिया गया। पूरा मामला अशोकनगर के आरोन रोड का है ।
Recommended Video

उपभोक्ता के बिजली के मीटर में थी गड़बड़ी की आशंका
बिजली विभाग की तरफ से जानकारी देते हुए बताया गया कि आरोन रोड के पठार मोहल्ले में रहने वाले बिजली उपभोक्ता मनोज ओझा के बिजली के मीटर में गड़बड़ी की आशंका थी इसलिए मीटर को जांच के लिए गुना भेजा गया था। जांच में पता चला कि मीटर में कोई गड़बड़ी है इसलिए विद्युत विभाग द्वारा उपभोक्ता मनोज ओझा पर ₹71000 का चालान बना दिया गया।

चालान की वसूली करने गए थे कर्मचारी
मनोज ओझा का चालान बनने के बाद मनोज ओझा द्वारा चालान की राशि जमा नहीं करवाई गई। इसी राशि की वसूली के लिए बिजली विभाग के 2 कर्मचारी ब्रजेश पटेल और अभिमन्यु पटेल मनोज ओझा के घर वसूली करने के लिए पहुंचे थे लेकिन यहां उनका मनोज ओझा से विवाद हो गया।

मनोज ओझा ने परिवार के साथ मिलकर कर्मचारियों को पीटा
विवाद इतना बढ़ गया कि मनोज ओझा ने अपने परिवार के साथ मिलकर कर्मचारियों को पीटना शुरू कर दिया। बिजली विभाग के दोनों ही कर्मचारियों को झाड़ुओं से बीच सड़क पर पीटा गया। इतना ही नहीं उनके मोबाइल छुड़ा लिए और तोड़ दिए। बीच सड़क पर यह घमासान होता रहा और लोगों ने इसका वीडियो भी बनाया।

दोनों ही पक्ष पहुंच गए थाने
मारपीट के बाद दोनों ही पक्ष थाने पहुंच गए दोनों ही पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने लगे। पुलिस ने इस मामले में आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। बिजली विभाग के कर्मचारियों की मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पहले भी जिले में हो चुकी है बिजली विभाग की टीम के साथ मारपीट
अशोकनगर में पहले भी बिजली विभाग की टीम पर हमला हो चुका है। विजली विभाग की टीम ग्रामीण अंचल में बिजली के बिल की वसूली करने गई थी तो बिजली विभाग की टीम की पिटाई कर दी गई थी। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया था।












Click it and Unblock the Notifications